द फॉलोअप टीम, गिरिडीह:
डुमरी थाना क्षेत्र में देर रात वाहन चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने सरसों तेल से लदा हुआ ट्रक जब्त किया। ट्रक में करीब 32 लाख रुपये का सरसों तेल लदा हुआ था। गिरिडीह पुलिस ने गश्ती के दौरान केबी रोड के पास ये ट्रक पकड़ा। ट्रक चालक ने पूछताछ में बताया कि इनामी हेल्दी टेस्टी नामक सरसों तेल को जयपुर से लोड किया गया था।
जब ट्रक को लोड किया गया तब नंबर कुछ और था। जब पुलिस ने ट्रक को जब्त किया तो नंबर बदला हुआ था। ट्रक चालाक का नाम मनोज कुमार बताया जा रहा है।
शक के आधार पर पुलिस ने कागज़ मांगा
केबी रोड के पास पुलिस ने जेएच-02 एजेड 5849 नंबर का ट्रक खड़ा देखा। पुलिस को शक हुआ तो चालक से कागजात मांगा गया। बिल्टी में ट्रक का नंबर जेएच 02 एवी-1034 अंकित था। उसकी समय सीमा 19 फरवरी थी। बिल्टी इमामी एग्रोटेक लिमिटेड चंद्रमुल जयपुर राजस्थान से इनामी एग्रोटेक लिमिटेड पटना होटल लेन के लिए बनी थी।
ट्रक मालिक ने गाडी नंबर बदलवाया था
ट्रक चालक मनोज कुमार ने बताया कि ट्रक मालिक मोहम्मद रजा के कहने पर गाड़ी का नंबर बदलकर तेल लोड किया था। मालिक के कहने पर ट्रक को पटना की बजाय गिरिडीह लेकर जा रहा था। वो ट्रक को केबी रोड में खड़ा कर अपने मालिक का इंतजार कर रहा था।
डुमरी थाना प्रभारी राजू मुंडा ने बताया कि डुमरी थाना के सहायक अवर निरीक्षक मदन मोहन झा की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।