logo

पुलिस संस्मरण दिवस: राज्यपाल और सीएम से मिले एमवी राव, 8 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई

1871news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची
पुलिस संस्मरण दिवस के मौके पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से बुधवार को प्रभारी पुलिस महानिदेशक एम.वी. राव ने राजभवन में मुलाकात की। इस दौरान राज्य की विधि-व्यवस्था के बारे में चर्चा की गई। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी एमवी राव ने मुलाकात कर उन्हें पुलिस का झंडा प्रदान किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिस जवानों को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन शहीद जवानों को समर्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और राज्य की रक्षा के लिए शहादत देनेवाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि देकर हम खुद को गौरवान्वित महसूस करते हैं। 

8 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित
झारखंड समेत पूरे देश में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस संस्मरण दिवस मनाया जाता है। रांची स्थित जैप वन वाहिनी परिसर में पुलिस संस्मरण दिवस मनाया गया। इस दौरान पिछले एक साल में शहीद हुए 8 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनमें एएसआई सुकरा उरांव और चंद्राय सोरेन, सिपाही खंजन कुमार महतो, अखिलेश राम और लखिंद्र मुंडा, होमगार्ड जवान जमुना प्रसाद, सकिंद्र सिंह और शंभु प्रसाद साहू शामिल हैं। डीजीपी एमवी राव ने कहा कि आज के दिन हम उन जवानों को याद कर रहे हैं जिन्होंने समाज में शांति बनाए रखने के लिए उग्रवादियों और अपराधियों से लोहा लेते हुए अपना बलिदान दिया है।

महिलाओं के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर
रांची पुलिस लाइन में एसएसपी के नेतृत्व में समाप्त हुई क्राइम मीटिंग के बाद एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने आज हेल्पलाइन नंबर Women helpline number-  8987790699, 9905936490 जारी कर दिया। ये हेल्प लाइन महिला से छेड़छाड़-दुष्कर्म सहित महिला सुरक्षा को लेकर रांची पुलिस ने जारी किया है। इस हेल्पलाइन नंबर के जरिए महिलाएं व्हाट्सएप कॉल कर बता सकती है अपनी समस्या। महिला हेल्पलाइन नंबर की इंचार्ज महिला इंस्पेक्टर होंगी।

एसएसपी की महिलाओं से अपील
रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि महिलाएं अपनी समस्या निडर होकर रांची पुलिस से साझा करें। इसके बाद उनकी समस्याओं का त्वरित गति कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि महिला सुरक्षा को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने हेल्पलाइन जारी करने का निर्देश दिया था।