logo

पारा शिक्षक व उसके साथी की हत्या के आरोप में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया, तीन आरोपी फरार

2605news.jpg
द फॉलोअप टीम, गुमला:
गुमला के घाघरा थाना क्षेत्र में 6 नवंबर को हुए पारा शिक्षक व उसके साथी की हत्या के आरोप में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। तीन आरोपी अब भी फरार हैं। हत्या की वजह छोटा सा विवाद था। ढोल बजाने के लिए आरोपियों को धक्का लगने पर विवाद हुआ था। ये जानकारी बुधवार को एसपी हृदीप पी जनार्दनन ने दी।

धक्के लगने के बाद आपस में विवाद हुआ था
एसपी ने कहा कि 6 नवंबर को तेनदार गांव में मेला लगा हुआ था। मेले में पारा शिक्षक लालदेव असुर व रामस्वरूप खड़िया भी शामिल होकर ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाच रहे थे। नाचने के दौरान मुख्य अभियुक्त छोटू मुंडा को धक्का लग गया। इस धक्के के बाद उनके बीच विवाद हो गया। इसके बाद छोटू मुंडा अन्य आरोपियों के साथ एक घर में शराब पीने लगा। इस समय लालदेव व रामस्वरूप भी उस घर में शराब पीने पहुंच गए। कुछ देर बाद दोनों वहां से निकल गए। इसी बीच छोटू मुंडा ने सभी आरोपियों के साथ मिल कर एक सुनसान जगह पर दोनों को रोक लिया। फिर लाठी डंडे से पिटाई कर उनकी हत्या कर दी।

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों में छोटू मुंडा, संदीप मुंडा, मुकेश लोहरा, गंगा लोहरा, परदेशिया उरांव व प्यास उरांव शामिल हैं, जबकि तीन लोग अब भी फरार हैं। पुलिस तीनों के नाम को गुप्त रखकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।