द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
दिल्ली में बीजेपी संसदीय दल की बैठक हो रही है। बीजेपी संसदीय दल की बैठक में केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा सहित बाकी नेताओं ने पीएम मोदी को सम्मानित किया। पीएम मोदी को ये सम्मान 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा करने के लिए दिया गया। इस दिन स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा का जन्मदिन होता है।
24 अक्टूबर को पीएम ने की थी घोषणा
गौरतलब है कि बीते 24 अक्टूबर को प्रधानमंत्री ने बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐलान किया था। पीएम मोदी ने कहा था कि भगवान बिरसा मुंडा ने प्रकृति, जंगल और जमीन की लड़ाई लड़ी। उनको धरती आबा के नाम से जाना जाता है। इसका अर्थ होता है पृथ्वी के पिता। बिरसा मुंडा कई लोगों के प्रेरणास्त्रोत हैं। पीएम ने कहा था कि उनके बहुमूल्य योगदान ने मुझे प्रकृति और पर्यावरण से प्यार करने में मदद की। प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समुदाय के योगदान के बारे में जितना जानेंगे उतना ही गर्व महसूस करेंगे।

बीते सप्ताह केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिली
1 सप्ताह पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 15 नवंबर को बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मीडिया को इसकी जानकारी दी थी। अनुराग ठाकुर ने कहा था किआदिवासी लोगों की संस्कृति और उपलब्धियों के उनके गौरवशाली इतिहास को मनाने के लिए 15 नवंबर से 22 नवंबर तक सप्ताह भर चलने वाले समारोहों की योजना बनाई गई थी। ये प्रत्येक वर्ष मनाया जायेगा और जारी रहेगा।
भगवान बिरसा ने लड़ी थी आजादी की लड़ाई
बता दें कि मुंडा जनजाति से ताल्लुक रखने वाले बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। 19वीं शताब्दी के अंत में बिरसा मुंडा ने आदिवासी बेल्ट, बंगाल प्रेसीडेंसी में आदिवासी-धार्मिक सहस्त्राब्दी आंदोलन का नेतृत्व किया था। उनकी जयंती देश में बिरसा मुंडा जयंती के रूप में मनाई जाती है। इसी दिन झारखंड का स्थापना दिवस भी होता है।