logo

रूपा तिर्की केस: न्याय के लिए सड़क पर उतरे लोग, काठीटांड़ चौक में बनाई मानव श्रृंखला

8222news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
साहिबगंज महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की संदिग्ध मौत का मामला गर्माता जा रहा है। शुक्रवार को रांची को काठीटांड़ चौक रातू में लोगों ने मानव श्रृंखला बनाई। लोग रूपा तिर्की मौत मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि रूपा तिर्की को न्याय मिलना चाहिए। सैकड़ों की संख्या में काठीटांड़ चौक में जुटे लोग सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे थे। 



लोगों ने हाथों में ली थी तख्तियां
काठीटांड़ चौक में जमा हुए लोगों के हाथों में तख्तियां थीं। तख्तियों में रूपा तिर्की को न्याय दो, जस्टिस फॉर रूपा तिर्की, वी वॉन्ट जस्टिस, हेमंत सरकार हाय-हाय, हेमंत सरकार जागो और रूपा तिर्की मामले की सीबीआई जांच हो जैसे नारे लिखे थे। लोगों ने सड़क पर लंबी मानव श्रृखंला बनाई थी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से वहां भारी संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था। जानकारी के मुताबिक इनमें से अधिकांश लोग रातू गांव के ही रहने वाले थे। रूपा तिर्की यहीं की रहने वाली थी। 



रूपा तिर्की के लिए उठी न्याय की मांग
वारदात के बाद से ही लगातार रूपा तिर्की के लिए न्याय की मांग की जा रही है। बाबूलाल मरांडी, लोबिन हेम्ब्रम, दीपक प्रकाश, ज्योत्सना केरकेट्टा सहित कई दिग्गज नेताओं ने रूपा तिर्की संदिग्ध मौत मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। मांडर विधायक बंधु तिर्की ने भी कहा है कि अभी तक मिली जानकारी से मामला आत्महत्या का नहीं लगता। मामला काफी संदिग्ध है और इसकी सीबीआई जांच की जानी चाहिए। सोशल मीडिया में भी #JusticeforRupaTrikey ट्रेंड कर रहा है। झारखंड महिला आयोग ने भी घटना की सीबीआई जांच की मांग की। 

सोमवार को फ्लैट में मृत मिली थीं रूपा
गौरतलब है कि बीते सोमवार को देर शाम रूपा तिर्की अपने फ्लैट में मृत पाई गयी थीं। उनका शव फंदे से लटका मिला था। उनके शरीर में पूरे कपड़े भी नहीं थे। उनकी साथी सब इंस्पेक्टर मनीषा कुमारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा दल-बल के साथ पहुंचे थे। उन्होंने कहा था कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। 

रूपा तिर्की की सहयोगियों के खिलाफ केस
इस बीच दिवंगत दरोगा रूपा तिर्की की मां ने साहिबगंज के जिरुवाबाड़ी थाना में रूपा तिर्की की सहयोगी ज्योत्सना महतो और मनीषा कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। बरहेट विधानसभा क्षेत्र में विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।