logo

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम बोले, केंद्र की सत्ता पाने के लिए छटपटा रहे विपक्षी दल

12006news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने विपक्षी एकता की कोशिशों को सत्ता पाने की छटपटाहट से जोड़ा है।  उन्होंने कहा कि शुक्रवार को कांग्रेस लीडर सोनिया गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दलों की बैठक हुई। इसे विपक्षी एकता के तौर पर प्रसारित किया गया। वास्तव में इसका एक ही उद्देश्य है- मोदी हटाओ, सत्ता में वापस आओ। हेमंत सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोरोना काल में राज्य सरकार भी अपने असल काम छोड़कर विपक्षी दलों के साथ गलबहियां करती रहती है। कोरोना काल में टीकाकरण, बेड, ऑक्सीजन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था गंभीरता से करने की बजाये अपना निकम्मापन ही दिखाया है। टीकाकरण के मामले में पूरी दुनिया में सबसे खराब से खराब देश भी झारखंड से आगे रहे हैं। वहां 5-10 फीसदी तक वेस्टेड हुआ, झारखंड में यह आंकड़ा 35 फीसदी का है जो शर्मनाक है।

 


सदन में मुद्दों पर चर्चा से भाग रहा विपक्ष
मीडिया को संबोधति करते हुए कहा कि हम सदन में इतनी तैयारी करके जाते हैं। देश की जनता से जुड़ी बातों को उठाना चाहते हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी ऐसा नहीं होने देती। इस बार तो जो नजारा संसद में देखा गया, वैसा कभी नहीं देखा गया। लोग सीटी बजा रहे थे, डांस कर रहे थे, रिपोर्टर टेबल पर चढ़ रहे थे और मारने की धमकी भी दे रहे थे। उन्होंने सदन के भीतर पैदा हुए इस तरह के हालातों के लिए सीधे तौर पर कांग्रेस, टीएमसी और सपा को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि ये ऐसे दल हैं, जिन्हें राष्ट्रहित से कोई मतलब नहीं। उनका परिवार आगे बढ़ता रहे, बस इतना ही चाहते हैं। अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर सदन के फ्लोर पर बात नहीं होती, बाहर गलत बयानी करते हैं।