logo

पश्चिमी सिंहभूम के टाटीबा गांव को अब तक छू भी नहीं पाया कोरोना, जानिए! कैसी सावधानी बरतते है ग्रामीण

8558news.jpg
द फॉलोअप टीम, पश्चिम सिंहभूम:
सारंडा क्षेत्र में एक गांव है टाटीबा। जहां 120 बिरहोर परिवार रहते हैं। बड़ी बात यह है कि इस गांव को अब तक कोरोना छू भी नही सका है। इस गांव में लोग कड़ाई से नियमों का पालन करते है। इस गांव के बिरहोरों की बस्ती में सबसे शिक्षित युवक दशरथ व विष्णु बिरहोर है। ये लोग मैट्रिक व आईटीआई पास हैं। दोनों में से किसी को आज तक नौकरी नहीं मिली है। संक्रमण के इस दौर में दोनों भाइयों ने निर्णय लिया कि वें दोनों ग्रामीणों को संक्रमण से बचाएंगे। इन दोनों ने मिलकर गांव में बैठक की और ग्रामीणों के साथ मिलकर कई नियम बनाये गए।

गांव वालों ने बनाया है अपना नियम
इन लोगों ने नियम बनाया है कि जब तक कोरोना संक्रमण का प्रभाव खत्म नहीं हो जाता है। तब तक कोई भी युवक गांव से बाहर किसी भी शहर या हाट-बाजार में नहीं जाएगा। सभी मास्क पहनेंगे और सामाजिक दूरी बनाये रखेंगे। बाहरी लोगों के संपर्क में आने से बचेंगे। ग्रामीण कोरोना की शुरुआती दौर से ही नियमों का पालन कर रहे है। इसका काफी सुखद परिणाम दिखा है। 

वैक्सीनेशन की प्रक्रिया जारी
दशरथ बिरहोर ने बताया कि वैक्सीनेशन अभियान गांव में जारी है। लोग पूरी सतर्कता से वैक्सीन ले रहे है। 45 वर्ष उम्र के लोगों को बराईबुरु कैंप में वैक्सीन दिलाया गया है। अब 18 वर्ष से अधिक के युवा को भी कैंप में वैक्सीन दिलवाया जा रहा है। गांव में चिकित्सा की कोई सुविधा नहीं है। बीमारी से बचने के लिए ग्रामीण खुद ही सुरक्षात्मक ढंग से रह रहे है। विष्णु का कहना है कि बिरहोरों के आजिविका पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। वन उत्पादों को बेचने गांव लोग शहर, हाट-बाजार नहीं जा रहे हैं। आर्थिक समस्या हो रही है। इस समस्या से बचने के लिए सरकार को आर्थिक मदद पहुंचानी चाहिए।