logo

नक्सलियों ने पुल निर्माण करा रही कंपनी के मुंशी की हत्या की, पोकलेन-ट्रैक्टर को भी जला डाला

2587news.jpg
द फॉलोअप टीम, लोहरदगा
लोहरदगा में इन दिनों फिर से नक्सलियों की गतिविधियां बढ़ी हैं। पेशरार प्रखंड में मंगलवार की देर शाम पुल निर्माण करा रही कंपनी के मुंशी की नक्सलियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मुंशी की हत्या के बाद नक्सलियों ने पोकलेन और ट्रैक्टर को भी आग के हवाले कर दिया। मुंशी का शव बरामद कर पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

मुंशी की शिनाख्त हुई
मुंशी की पहचान नगरउंटारी निवासी विक्की गुप्ता (20) के रूप में की गई। बताया गया कि विक्की गुप्ता ठेकेदार विकास गुप्ता का फुफेरा भाई था। पिछले वर्ष भी सड़क निर्माण करा रहे तीन लोगों को नक्सलियों ने जमकर पीटा था। उस वक्त मुंशी विक्की गुप्ता के हाथ-पैर तोड़ दिये थे। बताते चलें कि पेशरार थाना क्षेत्र से एक किलोमीटर की दूरी पर ओनेगड़ा नदी में 2.5 करोड़ की लागत से पुल निर्माण कराया जा रहा है।

पत्थर में लपेटकर पर्चा छोड़ा
पूछताछ में यह संदेह जताया जा रहा है कि बिना किसी प्रकार की चेतावनी दिए सीधे नक्सलियों ने पोकलेन और ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। साथ ही विक्की को कार्यस्थल से 20 मीटर की दूरी में ले जाकर गोली मार दी गई। उसकी घटनास्थआल पर ही मौत हो गई। नक्सलियों ने घटनास्थल पर पत्थर में लपेट कर पर्चा छोड़ दिया।

ये भी पढ़ें......

नक्सलियों ने मजदूर को बनाया बंधक 
पुल निर्माण काम में जुटे मजदूरों ने बताया कि हथियारबंद नक्सलियों का दस्ता मौके पर पहुंचा। इसके बाद वहां काम कर रहे मजदूर को बंधक बना लिया। निर्माण कार्य में लगी पोकलेन मशीन को आग के हवाले कर दिया और विक्की को कुछ दूर ले जाकर गोली मार दी। हाल के दिनों में लोहरदगा में एक बार फिर से नक्सलियों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।