logo

डकैती के बाद बदमाशों ने रेता बुजुर्ग महिला का गला, छानबीन में जुटी पुलिस

8345news.jpg
द फॉलोअप टीम, धनबाद:
शहर के सबसे रिहायशी इलाकों में से एक सरायढेला थाना क्षेत्र के कुसुम विहार में डकैती की घटना सामने आई है। अपरधियों ने घर में घुसकर शीला सिन्हा नाम की बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे और महिला का शव कमरे में पड़ा था। दोनों हाथ बंधे हुए थे. इसके साथ ही गर्दन में चाकू के निशान मिले हैं। पुलिस छानबीन में जुट गयी है। 

घर में अकेली ही रहती थी बुजुर्ग महिला
बता दें कि मृत महिला के पति एएसपी सिन्हा का निधन करीब 10 साल पहले ही हो चुका है। कोर्ट मोड़ स्थित टेलीफोन विभाग में एएसपी सिन्हा एसडीओ के पद पर कार्यरत थे। पति के निधन के बाद शीला सिन्हा अकेली घर में रहती थी। बेटा समित सिन्हा पटना में एलआईसी में कार्यरत है, जबकि बेटी श्वेता सिन्हा शादी के बाद छत्तीसगढ़ अपने पति गौरव सिन्हा के साथ रहती है। मृत महिला का कुसुम विहार में अपना मकान है। दूसरे तल्ले पर दो किराएदार भी रहते हैं। 

बुजुर्ग महिला ने बेटे का फोन नहीं उठाया
जानकारी के अनुसार बेटे ने रात दस बजे के बाद मां को फोन किया लेकिन मां ने फोन रिसीव नहीं किया। मकान में रहने वाले किरायेदार को फोन किया गया। किरायेदार ने नीचे तल में आकर देखा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद एसएसपी, सिटी एसपी, एएसपी और स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घर का दरवाजा खुला था। अंदर प्रवेश करने पर महिला का शव पड़ा था। 

अपराधी ने भागते वक्त छोड़ दिया गमछा
मकान के मुख्य दरवाजे से सटे दाहिनी ओर दीवार पर एक गमछा मिला है। आशंका है कि अपराधी ने दीवार फांदने के समय गमछा छोड़ दिया। इसके साथ ही गेट से सटी दीवार पर खून के निशान भी मिले हैं, जो प्रतीत होता है कि अपराधियों की हथेली की उंगलियों के खून से सने होंगे. पुलिस ने आसपास सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। वारदात वाले मकान से कुछ दूरी पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ मिला है। 

अंजान शख्स को घुसने नहीं देती थीं महिला
पुलिस के पहुंचने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक शीला सिन्हा रात्रि 9 बजे से साढ़े नौ बजे के बीच उन्हें बाहर में बैठा देखा था। लोगों के मुताबिक वह काफी हिम्मत वाली महिला थीं। वह अपने मकान में किसी अंजान शख्स को घुसने नहीं देती थी।