logo

नगर निगम कार्रवाई को सांसद ने बताया तुगलकी फरमान, कहा सरकार की जन विरोधी मानसिकता

11523news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

रांची में इनदिनों अवैध निर्माण पर नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। सेवा सदन को मिले नोटिस पर लोग सवाल उठा रहे हैं। इसी बीच रांची के सांसद सांसद संजय सेठ ने भी इसे तुगलकी फरमान बताया है। सांसद ने कहा है कि नगर निगम अब रांची के आम लोगों की जिंदगी का दुश्मन बन बैठा है। उन्होंने कहा कि जिन भवनों-घरों को तोड़ने पर नगर निगम आमदा है, जरा नगर निगम के अधिकारी बताएं कि जब यह घर-मकान बन रहे थे, उस समय नगर निगम के लोग कहाँ थे। उनके रहते इतनी बड़ी बस्ती कैसे बस गई।  इसके लिए सीधे-सीधे नगर निगम के लोग दोषी हैं। 

नगर निगम दोषियों पर हो कार्रवाई 

संजय सेठ ने कहा कि लोग बड़ी मुश्किल से अपना आशियाना बनाते हैं। एक-एक रुपए जोड़ कर किसी तरह अपना घर खड़ा करते हैं। और एक दिन में तुगलकी फरमान जारी कर, इन्हें तोड़ने का आदेश दे दिया जाता है। नगर निगम के लोग जेसीबी लेकर घर तोड़ने पहुंच जाते हैं। क्या इन्हें एहसास नहीं है कि घर टूटने से परिवार कैसे बिखरता है। सेठ ने कहा कि घर टूटे उससे पहले हर नगर निगम के दोषियों पर कार्रवाई सरकार सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि यदि देश की राष्ट्रीय राजधानी में ऐसे लोगों को नियमित किया जा सकता है तो फिर रांची में ऐसा क्यों नहीं किया जा सकता। 

सरकार की जन विरोधी मानसिकता 

सेवा सदन मामले में संजय सेठ ने कहा कि सेवा सदन तब से राँची के लोगों को अपनी सेवा दे रहा है, जब नगर निगम का नामोनिशान नहीं था। अपर बाजार में बने अधिकतर घर तब के हैं, जब नगर निगम का कोई अस्तित्व नहीं था। ऐसी परिस्थिति में अचानक से सेवा सदन को तोड़ने का आदेश देना सरकार की निरंकुशता को दिखाता है। सेवा सदन ने अपने स्थापना काल से लाखों लोगों को जिंदगी दी है और लाखों जीवन बचाई है। यह अस्पताल राँची का एक बड़ा अस्पताल है जहां हर वर्ग के लोग अपने उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में इसे तोड़ने का फरमान सरकार की जन विरोधी मानसिकता का परिचायक है।