द फॉलोअप टीम, हजारीबाग:
बढ़ती महंगाई के खिलाफ देश के प्रत्येक राज्य में कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। अलग-अलग स्थानों पर पीएम मोदी का पुतला फूंका गया। पेट्रोल-डीजल सहित खाद्य तेल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। इसी कड़ी में हजारीबाग में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। हजारीबाग जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा आय़ोजित विरोध प्रदर्शन और साइकिल रैली में बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने हिस्सा लिया।
बढ़ती महंगाई बीजेपी की नाकामी का नतीजा!
हजारीबाग जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन और साइकिल रैली के दौरान अंबा प्रसाद ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, खाद्य तेल और रसोई गैस की कीमतों में केंद्र सरकार द्वारा निरंकुश तरीके से इजाफा किया गया। अंबा प्रसाद ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई केंद्र सरकार की नाकामी का नतीजा है। विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि देश के आर्थिक मुद्दों पर केंद्र सरकार की विफल नीति और कुशासन की वजह से आम जनता पर बोझ बढ़ गया है। अच्छे दिन का झांसा देकर सत्ता में आई बीजेपी ने देश को बुरे दिन दिखाए हैं।
देश में चारों तरफ महंगाई का तांडव मचा है!
अंबा प्रसाद ने कहा कि देश में चारों तरफ महंगाई का तांडव है। आम जनता महंगाई से त्रस्त हो चुकी है। बीजेपी सरकार जनता को लूटकर अपनी तिजोरी भरने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि ऐसी लुटेरी सरकार को आखिर कब तक देश की जनता सहन करेगी। अंबा प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और दिशाहीन शासन की वजह से देश का प्रत्येक वर्ग त्रस्त हो चुका है। महंगाई पर लगाम लगने या अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की कोई ठोस योजडना सरकार के पास नहीं है। अब वक्त आ गया है कि सब लोग मिलकर बीजेपी सरकार की नीतियों का विरोध करें।