logo

क्राइम: नाबालिग को अगवा किया फिर 1 माह तक बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, हुई गर्भवती

10103news.jpg
द फॉलोअप टीम, जयपुर: 

राजस्थान के चुरू जिला स्थित सिद्धमुख थानाक्षेत्र से 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ रेप का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक लड़की को अगवा कर 1 महीने तक रोजाना उसका रेप किया गया। इस दौरान लड़की गर्भवती हो गई। पीड़िता को फिलहाल चुरू के राजकीय भरतिया हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है जहां उसका गर्भपात किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

बहला-फुसलाकर नाबालिग को किया अगवा
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम जावेद है। जावेद के रिश्तेदार पीड़िता के गांव में रहते हैं। इस वजह से लगातार वहां जावेद का आना-जाना था। इस बीच जावेद की पीड़िता से दोस्ती हो गई। विगत 3 अप्रैल को आरोपी जावेद नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। 8 अप्रैल को पीड़िता के पिता ने आऱोपी जावेद के खिलाफ नाबालिग को अपहरण करने का मामला दर्ज करवाया। 

नाबालिग को 1 माह तक बंधक बनाए रखा था
इधर जावेद नाबालिग लड़की को पहले हरियाणा के छानी, फिर दिल्ली और बाद में बिहार के किशनगंज ले गया। इस दौरान उसने पीड़िता को 1 महीने तक बंधक बनाकर रखा। इस बीच वो लगातार लड़की का रेप करता रहा जिससे वो गर्भवती हो गई। 12 मई को पुलिस ने लड़की को हरियाणा के आदमपुर मंडी से बरामद किया। बालिका की कोविड जांच करवाई गयी तो वो पॉजिटिव पाई गयी। फिलहाल पीड़िता को चुरू बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। उन्हीं के संरक्षण में रखा गया है। 

न्यायालय ने दिया गर्भपात करवाने का आदेश
बाल कल्याण समिति ने पीड़िता को नारी निकेतन भिजवा दिया। पीड़िता का मेडिकल करवाया गया जिसमें उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली। उसे न्यायालय के सामने पेश किया गया। पीड़िता के परिजनों औऱ पीड़िता की सहमति को देखते हुए कोर्ट ने गर्भपात कराने का आदेश दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में इलाके में रेप की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है।