logo

रांची मेयर का सवाल, "सफाई तो होकर रहेगी" CEO का यह अभियान कितना हुआ कारगर!

9958news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
मेयर आशा लड़का ने कहा है कि  "सफाई तो होकर रहेगी" नगर आयुक्त का यह अभियान कितना कारगर हुआ, इसका जवाब तो नगर आयुक्त ही बेहतर दे सकते हैं। क्योंकि सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करने से किसी कार्य या अभियान को पूरा नहीं किया जा सकता। शहर की साफ़-सफाई और जलजमाव की स्थिति को देखते हुए शनिवार को मेयर ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि मानसून की बारिश शुरू होते ही राजधानी की स्थिति नारकीय हो गई है। हल्की बारिश के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोग जलजमाव की समस्या से परेशान हो रहे हैं। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव कार्य भी सभी वार्डों में नियमित रूप से नहीं हो रहा है। रांची की मेयर होने के नाते जब मैं खुद रांची नगर निगम की सफाई व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हूं तो आम जनता कैसे संतुष्ट होगी।

मॉनिटरिंग से होती है काम 
उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए न सिर्फ अच्छी प्लानिंग की जरूरत होती है, बल्कि उसकी प्रोपर मॉनिटरिंग भी करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त की कार्य योजना से यही प्रतीत होता है कि उन्होंने सिर्फ अपनी वाहवाही के लिए "सफाई तो होकर रहेगी" अभियान की शुरुआत की, सफाई अभियान की मॉनिटरिंग ही नहीं की गई।  रांची नगर निगम में 2015 से ही बारिश से पूर्व हर वर्ष रोस्टर के तहत सफाई अभियान चलाया जाता रहा है। यदि नगर आयुक्त पूर्व की कार्य पद्धति को ध्यान में रखते हुए सफाई अभियान की शुरुआत करते तो राजधानी न सिर्फ स्वच्छ होती, बल्कि बारिश होने के बाद जलजमाव की समस्या का भी समाधान होता। 

कूड़े का उठाव नहीं हो रहा है 
मेयर ने यह भी कहा कि 53 वार्डों में जलजमाव वाले क्षेत्र की सूची भी रांची नगर निगम के कार्यालय में मौजूद है। इसके अलावा शहर के किस-किस क्षेत्र में कूड़े की डंपिंग होती है, इसकी जानकारी भी सफाई कार्य से जुड़े कर्मियों को है। फिर भी नियमित रूप से सफाई कार्य नहीं हो पा रहा है। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव का कार्य कर रही एजेंसी भी नियमित रूप से कूड़े का उठाव नहीं कर रही है। एजेंसी की कार्यशैली से स्पष्ट है कि रांची नगर निगम के अधिकारी एजेंसी के कार्यों की मॉनिटरिंग नहीं कर रहे हैं। फिलहाल वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के संभावित खतरे को देखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष रूप से निगरानी करने की आवश्यकता है। मेयर ने नगर आयुक्त को पत्र के माध्यम से निर्देश दिया है कि शहर की वर्तमान स्थिति को देखते हुए तीन-चार दिनों के अंदर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव व जलजमाव की समस्या का समाधान करें।