द फॉलोअप टीम, रांची:
भारत में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। आम लोगों में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर काफी नाराजगी देखी जा रही है। कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी पार्टियां केंद्र की एनडीए सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रही है। इस बीच पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भी कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज करवाया है।
ममता बनर्जी ने इलेक्ट्रिक स्कूटी की सवारी की
पेट्रोल-डीजल सहित ईंधन गैस की बढ़ी हुई कीमतों के विरोध में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता की सड़कों में इलेक्ट्रिक स्कूटी से यात्रा की। कोलकाता की सड़कों पर इलेक्ट्रिक स्कूटी से सवारी करके प्रतीकात्मक रूप से अपना विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर ममता बनर्जी ने केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों को जमकर कोसा।
देश में बीएसएनएल से लेकर कोयला तक बेचा
ममता बनर्जी ने कहा कि विमुद्रीकरण हुआ है। ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही है। मोदी सरकार देश में सब कुछ बेच रही है। बीएसएनएल (BSNL) से लेकर कोयला तक देश में सबकुछ बेचा जा रहा है। ममता बनर्जी ने कहा कि केंद की मोदी सरकार एक जनविरोधी, युवा विरोधी और किसान विरोधी सरकार है। ममता बनर्जी ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई की वजह मोदी सरकार की नीतियां पूरी तरह से जिम्मेदार है।