logo

रांची: वकील मनोज झा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, आज कोर्ट में होगी पेशी

11675news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

वकील मनोज कुमार झा की हत्याकांड की गुत्थी अब सुलझने को है। पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी अफसर आलम उर्फ लंगड़ा को बेंगलुरू से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी शनिवार को ही हुई है। रविवार को पुलिस उसे रांची लेकर आ गई। फ़िलहाल गुप्त स्थान पर रखकर उससे पूछताछ की जा  रही है। अफसर आलम से पूछताछ के आधार पर रांची में भी पुलिस छापेमारी कर रही है। सोमवार यानी आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस लंगड़ा के बारे में अभी कुछ भी बताने से बच रही है। बाकी 4 अपराधियों को पुलिस गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है। 


26 जुलाई को हुई थी वकील की हत्या 
26 जुलाई काे मनोज झा तमाड़ के रड़गांव भवन निर्माण देखने गए थे। जब वे अपनी कार से उतर ही रहे थे कि तभी अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग की। सात गोलियां लगने से वकील की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लंगड़ा बार-बार जगह बदल कर रह रहा था। सबसे पहले वह आसनसोल गया उसके बाद चेन्नई। 27 जुलाई से ही पुलिस की 2 टीमें लंगड़ा की तलाश में थीं। 

टेक्निकल सेल की मदद से पकड़ाया अभियुक्त
एक टीम चेन्नई पहुंची तो पता चला था कि वह वहां से निकल चुका है। तभी टेक्निकल सेल की मदद से बेंगलुरू में उसका लोकेशन मिला। एसपी की एसआईटी तत्काल बेंगलुरू पहुंची। बेंगलुरु के मैजिस्टिक एरिया के एक होटल में छुप कर रह रहा था। मिली जानकारी के मुताबिक पहले तो खुद के अफसर आलम होने की बात से इनकार कर रहा था लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो उसने हत्याकांड में अपनी भागीदारी को स्वीकार किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 

जमीन पर अपना दावा कर रहा लंगड़ा 
पूछताछ में लंगड़ा ने बताया कि संत जेवियर्स संस्था की 14 एकड़ जमीन में से नौ एकड़ जमीन पर लंगड़ा अपना दावा जताता था। लीगल एडवाइजर की हैसियत से मनोज कुमार झा इस जमीन पर भवन और बाउंड्री का निर्माण कार्य भी देख रहे थे। लंगड़ा इस बात पर मनोज को धमकी भी देता था। वह नौ एकड़ जमीन से कब्जा छोड़ने को कह रहा था। 

मनोज ने दिखाए थे जमीन के कागजात
मनोज ने जमीन से जुड़े कागजात भी दिखाए थे, लेकिन लंगड़ा मानने को तैयार नहीं था। लंगड़ा के दावे के बाद भी जब निर्माण काम नहीं रुका तो उनकी हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक़ लंगड़ा पुलिस का भेदिया है। तमाड़ में उसके खिलाफ कोई भी शिकायत नहीं करता था। बता दें कि पिछले साल भी लंगड़ा जेल जा चुका है। फिलहाल पूछताछ जारी है।