logo

जदयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह बोले, बिहार के गांव-गांव और दूसरे राज्यों तक होगा पार्टी का विस्तार

11397news.jpg

द फॉलोअप टीम, पटना:
आखिर राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए। आरसीपी सिंह के केंद्र में मंत्री बनने के बाद से सियासी गलियारे में बात चल रही थी कि अब पार्टी की कामन ललन सिंह या उपेंद्र कुशवाहा संभालेंगे। दिल्ली के जंतर-मंतर स्थित जदयू के राष्ट्रीय कार्यालय में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में वो नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए। कमान संभालने के बाद उन्होंने कहा कि बिहार के गांव-गांव और दूसरे राज्यों तक पार्टी का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता होगी। निवर्तमान अध्यक्ष के काम को वो आगे तक ले जाएंगे। सभी से विचार-विमर्श के आधार पर संगठन को मजबूत किया जाएगा। 

नीतीश कुमार के बेहद करीबी
ललन भी बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाते हैं। कार्यकारिणी की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री आरसीपीसी सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया। इसके बाद ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई। कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के सभी सांसद और करीब दो दर्जन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए।

मुंगेर लोकसभा सीट से जेडीयू के सांसद
राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह वर्तमान में मुंगेर लोकसभा सीट से जेडीयू के सांसद हैं। नीतीश कुमार से इनकी गहरी दोस्ती वर्ष 1970 में हुई थी। ललन सिंह को पार्टी के संस्थापक सदस्य के रूप में जाना जाता है। ललन सिंह पार्टी बनने के बाद से अब तक नीतीश के साथ जुड़े हुए हैं। हालांकि कुछ साल पहले दोनों के बीच मतभेद भी हुए थे लेकिन यह ज्यादा दिन तक नहीं चला।