logo

प्रेमी के चक्‍कर में हिंदुस्‍तान से अफगानिस्तान पहुंची लड़की अब मां से बचाव की लगा रही गुहार 

प्रेमी के चक्‍कर में हिंदुस्‍तान से अफगानिस्तान पहुंची लड़की अब मां से बचाव की लगा रही गुहार 

द फॉलोअप टीम, कानपुर:

तालिबान का अफगानिस्तान पर कब्जा होने के वहां कई भारतीय फंसे हुए हैं। अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए भारत सरकार ने एयरलिफ्ट भी करवाया लेकिन अब भी वहां एक कानपुर महिला फंसी हुई है। उसने अफगानिस्तान से फोन किया है। महिला ने फोन पर अपनी मां को बताया है कि वह यहां फंसी हुई है, उसके जान को खतरा है। अब आप सोच रहे होंगे कानपुर की लड़की आखिर काबुल कैसे पहुँच गयी। आइये जानते हैं।  

 

कैसे पहुंची अफगानिस्तान 

पूरे मामले की जानकारी लड़की की मां ने कानपुर के बाबू पुरवा थाने में दी है। पुलिस ने महिला के बारे में जानकारी करना शुरू कर दिया है। दरअसल, कानपुर में रहने वाली समीरुन्निसा के पति इखलाक की कई साल पहले मौत हो गयी थी। समीरुन्निसा के परिवार को आर्थिक दिक्कत थी तो उसकी बेटी हिना खान अपने चाचा के साथ मुंबई चली गई। जहां वह एक बार में काम करने लगी। वहां उसकी मुलाक़ात एक अफगान नागरिक मोहम्मद गनी से हुई। उसने हिना खान को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और उसे अफगानिस्तान लेकर चला गया। मोहम्मद गनी ने हिना की मां को फोन किया और कहा कि अगर अपनी बेटी को बचाना है तो पैसा खर्च करो। 

प्रताड़ित करता है पति 

मां समीरुन्निसा का कहना है कि उसकी बेटी को पति मोहम्मद गनी प्रताड़ित करता है। उसकी बेटी ने किसी तरह से उसे फोन कर जान बचाने की गुहार लगायी है।  हिना 2013 में अंतिम बार कानपुर आई थी। उसके बाद वह आज तक घर नहीं आयी है । अब जब वहां तालिबान संकट आया है तो हिना बेहद परेशान है। हिना ने अपनी मां को बताया था कि जंग शुरू होने के कारण घर में खाने को कुछ नहीं है और उसकी जान खतरे में है।