logo

नम आंखों से 'बबलू दा' को दी गई अंतिम विदाई, पैतृक गांव में सुपुर्द-ए-खाक हुए कमल किशोर भगत

16208news.jpg

द फॉलोअप टीम, लोहरदगा: 

लोहरदगा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक और आजसू पार्टी के सह-संस्थापक कमल किशोर भगत का शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अंतिम-संस्कार में हिस्सा लिया। पैतृक गांव जिन्नी में दिवंगत कमल किशोर भगत का अंतिम संस्कार किया गया। स्थानीय लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम  विदाई दी। आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, नवीन जायसवाल, सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व विधायक सुखदेव भगत, प्रवीण सिंह, ओम प्रकाश सिंह ने दिवंगत कमल किशोर भगत को श्रद्धांजलि दी और योगदान को याद किया। 

2003 में शुरू हुई थी बबलू दा की पॉलिटिकल यात्रा
लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र को 2 बार प्रतिनिधित्व करने वाले कमल किशोर भगत का राजनैतिक जीवन 2003 में शुरू हुआ था। 2004 में कमल किशोर भगत पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़े। इस चुनाव में उनको महज 6030 मत मिले। 2009 में कमल किशोर भगत आजसू के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे। कमल किशोर भगत ने अपने निकतम प्रतिद्वंदी सुखदेव भगत को 594 वोट से हराया। 2014 में कमल किशोर भगत लगातार दूसरी बार विधायक चुने गये। इस बीच झारखंड हाईकोर्ट ने उनको दोषी करार दिया। 2015 में उनको विधायक पद से इस्तीफा देना पड़ा। इस बीच उन्होंने नीरू शांति भगत से विवाह किया।

लोहरदगा सीट से 2 बार विधायक रहे कमल किशोर
जून 2015 में कमल किशोर भगत को जेल जाना पड़ा। इसी वर्ष वहां उपचुनाव हुये। उपचुनाव में नीरू शांति भगत उम्मीदवार थीं लेकिन उनको हार का सामना करना पड़ा। 4 साल की सजा काटकर कमल किशोर भगत साल 2018 में जेल से छूटे। 2019 के विधानसभा चुनाव में भी उनकी पत्नी नीरू शांति भगत उम्मीदवार थीं। यहां से प्रदेश के मौजूदा वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव चुनाव जीते। परिजनों का कहना है कि कमल किशोर भगत इलाके में सक्रिय थे और विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगे थे। 

पुलिस को मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
गौरतलब है कि कमल किशोर भगत शुक्रवार की सुबह अपने कमरे में संदेहास्पद परिस्थितियों में मृत पाये गये थे। उनकी पत्नी नीरू शांति भगत भी अचेत हालत में मिली थीं। नीरू शांति भगत को फिलहाल रांची के अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती हैं। चिकित्सकों का कहना है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। पुलिस का कहना है कि कमल किशोर भगत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।