logo

JSP ने NDA सरकार को बनाया निशाना, कहा- रोजगार, कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सरकार पूरी तरह विफल

66व.jpg

पटना/बिहार
पटना में आज प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया। जिसमें  बिहार की NDA सरकार पर जमकर हमला किया। पार्टी ने युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार ने 5 साल में 1 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के 6 महीने बाद भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल पाया। 

BPSC भर्ती और महिला योजना पर सवाल
उन्होंने कहा कि बिहार के 71 प्रतिशत मजदूर आज भी रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं, जो सरकार की सबसे बड़ी विफलता है। प्रदेश प्रवक्ता विवेक कुमार ने BPSC TRE-4 भर्ती को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि चुनाव से पहले नोटिफिकेशन जारी करने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन कर रहे छात्रों पर केस दर्ज कर सरकार युवाओं की आवाज दबाने का काम कर रही है। वहीं महिलाओं को दो-दो लाख रुपये देने के वादे को भी चुनावी जुमला बताते हुए कहा कि सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है और बिहार पर लगातार कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है।

‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ का मुद्दा
महिला प्रवक्ता पद्मा ओझा ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हत्या, दुष्कर्म और आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वहीं NEET छात्रा हत्याकांड का जिक्र करते हुए एनपी मंडल ने कहा कि समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने से आरोपियों को जमानत मिलना सरकार की बड़ी विफलता है। इस दौरान ये दावा किया गया कि आज से “बिहार नवनिर्माण अभियान” के नए चरण की शुरुआत होगी, जिसके तहत प्रशांत किशोर बिहारभर में संगठन और जनसंवाद को मजबूत करने के लिए अभियान के तहत जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे।

Tags - Jan Suraaj Party attacks NDA govt in Bihar raises issues of jobs law and order women safety