logo

कोविड सर्किट का ऐसे उठायें लाभ, झारखंड सरकार ने जारी किया टोल फ्री नंबर

7724news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची और पूर्वी सिंहभूम में कोविड सर्किट का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने इनका ऑनलाइन उद्घाटन किया। कोविड सर्किट के जरिए कोरोना संक्रमित मरीजों का बेहतर उपचार सुनिश्चित हो सकेगा। कोविड सर्किट में एक हेल्पलाइन नंबर के जरिए मदद मांगी जा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहभागिता से ही कोरोना से जंग संभव है। 

सांकेतिक रूप से एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से रांची जिला के निकटवर्ती कोविड कॉरिडोर वाले जिले रामगढ़, लोहरदगा, सिमडेगा, लातेहार, खूंटी और गुमला तथा पूर्वी सिंहभूम जिला के निकटवर्ती कोविड कॉरिडोर वाले जिले जमशेदपुर, सरायकेला और चाईबासा में कोरोना संक्रमितों को हॉस्पिटल पहुंचाने वाले एंबुलेंस को झंडा दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर प्रदेश की जनता को संबोधित भी किया। 

ऑक्सीजन युक्त बेड की प्रदेश में कमी नहीं है
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ऑक्सीजन युक्त बेड या ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे घबरायें नहीं। उन्होंने कहा कि संयमित होकर ही कोरोना संक्रमण से लड़ा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की सहायता के लिए पूरी तरह समर्पित होकर काम कर रही है। सीएम ने बताया कि बीते 20 दिन में ऑक्सीजन बेड की संख्या 2500 से बढ़ाकर 10 हजार की गयी। सभी जिलों में ऑक्सीजन बेड बढ़ाने का काम जारी है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि एक जिले में ऑक्सीजन बेड कम पड़ने पर मरीजों को सीमावर्ती जिले में उपलब्ध करवाया जाएगा। 

निकटवर्ती जिले में मिलेगा ऑक्सीजन युक्त बेड
मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची सर्किट में कुल 2 हजार ऑक्सीजन बेड हैं जिनमें से 450 बेड खाली हैं। वहीं जमशेदपुर सर्किट में कुल 1200 बेड हैं जिनमें से 500 बेड खाली हैं। उन्होंने कहा कि रांची और जमशेदपुर सहित अन्य बड़े शहरों में संक्रमित मरीजों की संख्या रोजाना बढ़ रही है। ऐसे में यदि इन जिलों में बेड कम पड़े तो सर्किट के अंतर्गत निकटवर्ती जिले में मरीज को बेड उपलब्ध करवाया जाएगा। सीएम ने कहा कि इससे एक ही जिले में मरीजों का दबाव घटेगा और बेहतर इलाज हो सकेगा। 

राज्य सरकार ने टोल फ्री नंबर भी जारी किया है
मुख्यमंत्री ने बताया कि जानकारी के अभाव में मरीजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार ने टोल फ्री नंबर जारी किया है। सीएम ने कहा कि जो भी संक्रमित मरीज या उसका परिवार सुविधा लेना चाहता है वो 104 के कंट्रोल रूम सेंटर में कॉल कर सकता है। रांची के लिए (0651-2411144) वहीं जमशेदपुर के लिए (0657-2440111, 8987510050) में कॉल करके निकटवर्ती जिला हॉस्पिटल में भर्ती हो सकते हैं। ये सेवा पूरी तरह निशुल्क होगी।