द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने एक बार फिर केंद्र पर राज्य के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। अब बीजेपी प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के बयान पर पलटवार किया। आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार के मंत्री ने केवल एक ही पहाड़ा याद कर रखा है और वो है केंद्र सरकार पर दोषारोपण।
केंद्र पर दोषारोपण से राज्य का भला नहीं होगा
बीजेपी प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि केवल केंद्र पर दोषारोपण करने से राज्य का भला नहीं होने वाला है। आदित्य साहू ने स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आप जितना राज्य के लिए कर पा रहे हैं वो सब केंद्र का ही दिया हुआ है। उन्होंने कहा कि हिम्मत है तो बताइये कि राज्य सरकार ने अपने बलबूते कितनी स्वास्थ्य सुविधा राज्य में बढ़ाई है।
ऑक्सीजन को लेकर कंपनी पर कार्रवाई कीजिए
आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार ने विहित प्रक्रिया के तहत किसी कंपनी को ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति का आदेश दिया। अब यदि कंपनी करार से मुकर रही है तो राज्य सरकार के पास कार्रवाई का अधिकार है। उन्होंने राज्य सरकार से सवालिया लहजे में कहा कि यदि आपकी नीयत साफ है तो आप केंद्र का रोना क्यों रोते हैं। आप कंपनी पर कार्रवाई कीजिए। किसी दूसरी कंपनी को सप्लाई का आदेश दीजिए। इसी में राज्य का भला होगा।
मोदी सरकार ने राज्य को दी हरसंभव सहायता
प्रदेश बीजेपी महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि जहां तक केंद्र के सहयोग की बात है तो मोदी सरकार ने राज्य को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि राज्य सरकार के कुप्रबंधन की वजह से सब चौपट हो गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऑक्सीजन प्लांट का रोना रो रही है जबकि पिछले साल आवंटित प्लांट सरकार की अकर्मण्यता की वजह से चालू नहीं किया जा सका। वेंटीलेटर दिया गया था वो भी कूड़ेदान में पड़ा रहा।
राज्य में कभी भी वैक्सीन की कमी नहीं होने दी
आदित्य साहू ने कहा कि जहां तक टीका का सवाल है तो केंद्र ने राज्य को कभी भी वैक्सीन की कमी नहीं होने दी। लगातार वैक्सीन की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए केंद्र सरकार पर दोषारोपण कर रही है। आदित्य साहू ने कहा कि राजनीति करने का अनेक अवसर आएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र राज्य के अलग-अलग चश्मे से देखने से राज्य का भला नहीं हो सकेगा। स्वास्थ्य सेवा राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।