logo

जामताड़ा में गैस पाइपलाइन कनेक्शन पर बवाल, पैसे लेने के बाद काम छोड़ने का ठेकेदार पर आरोप

jamtara_hpcl_gas.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के कुर्मी पाड़ा में शनिवार दोपहर बाद स्थानीय लोगों ने HPCL के घरेलू गैस पाइपलाइन बिछाने वाले ठेकेदार को काम बीच में छोड़ने पर रोक लिया. ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार सैकड़ों उपभोक्ताओं से पैसे वसूलने के बाद काम अधूरा छोड़कर भागने की फिराक में था. बता दें इन दिनों HPCL द्वारा घर-घर एलपीजी पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने का काम चल रहा है, जिसके लिए प्रति उपभोक्ता 354 रुपये की राशि ली जा रही है. शनिवार दोपहर बाद कुर्मी पाड़ा इलाके में ठेकेदार अचानक अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर सामान ट्रक पर लोड करने लगा. इसे देख स्थानीय ग्रामीण भड़क गए और ट्रक को घेरकर ठेकेदार के कर्मियों को बंधक बना लिया.
​केवल 120 घरों में हुआ कनेक्शन
गुस्साए स्थानीय निवासियों ने ठेकेदार पर धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के कुल 180 घरों से 354 रुपये प्रति कनेक्शन के हिसाब से पैसे वसूल किए गए थे. लेकिन जब ठेकेदार ने काम बंद किया, तब तक महज 120 घरों में ही कनेक्शन दिया गया था. शेष 60 घरों के लोग आज भी अपने कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया, "जब हमने पूछा कि बिना काम पूरा किए क्यों जा रहे हो, तो ठेकेदार के लोग टालमटोल करने लगे. जिन लोगों के घरों में कनेक्शन नहीं हुआ है, वे अब अपने पैसे वापस मांग रहे हैं."
मौके पर पहुंची पुलिस, थाने में चल रही है पंचायत
हंगामे की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना के ASI सोनेलाल दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ थाने ले आई है. पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है. समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच थाने में वार्ता चल रही थी और पुलिस कागजातों व पैसों के लेनदेन की रसीदों की जांच कर रही है.

 

Tags - Jamtara HPCL Gas Pipeline Dispute Mihijam LPG Connection Controversy Jamtara Gas Connection Fraud Allegation Residents Protest Against Gas Contractor Jamtara Local News Gas Pipeline Row