logo

5 MLC टूटने के बाद जबरदस्त गुस्से में जगदानंद, कहा-बिहारवासी इस बार बता देंगे नीतीश का DNA

127news.jpg
द फॉलोअप टीम : पटना-बिहार में एमएलसी चुनाव के मद्देनजर राजद के 5 एमएलसी के जदयू में शामिल हो जाने के बाद बिहार की सियासत गरमायी हुई है। इस मसले पर राजद-जदयू के बीच राजनीतिक जंग जारी है। 
राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने एक खबरिया चैनल को दिए इंटरव्यू में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जम कर बरसे। उन्होंने कहा कि नीतीश बाबू पलटूमार हैं। लालू जी ने उन्हें इतना बड़ा मौका दिया, लेकिन वे राजनीतिक चतुराई से राजद का दामन झटक कर भाजपा की गोद में घुस गए। वे बहुत जल्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डीएनए प्रकरण को भुला बैठे। डीएनए का मतलब दोगला होता है। जिसने बिहार को दोगला कहा, जिसने बिहार की अस्मिता को कुचला, उनके साथ गलबहियां कर उन्होंने अपनी मर्यादा का बखूबी परिचय दे दिया है। बिहार की जनता इस बार उन्हें उनका डीएनए बता देगी। 
पहले अपना गिरेबां झांके नीतीश
उन्होंने कहा कि लालू पर सवाल उठाने से पहले नीतीश कुमार को पीएम से सवाल करना चाहिए कि उनका डीएनए अब सही कैसे हो गया।  
उन्होंने एमएलसी चुनाव में पाला बदलने वाले राजद नेताओं को एहसानफरामोश बताते हुए कहा कि एक समय वे सारे लोग टिकट के लिए गिड़गिड़ाते थे, तब लालू जी ने उन्हें सहारा दिया था। लेकिन इससे राजद की सेहत पर कोई असर नहीं पड़नेवाला है।   
नीतीश के गुनाह को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा 
उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों के मामले में बिहार के सीएम ने जो रुख अपनाया था, उसे लोग भूले नहीं हैं। इसका असर उन्हें विधानसभा के चुनाव में दिख जायेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश साहब ने बिहार की शिक्षा को बर्बाद किया, बेरोजगारों की फौज खड़ी कर ली, कृषि को चौपट कर दिया और आज स्वास्थ्य तंत्र बदहाल है, और हमें कहते हैं कि महाजंगल राज बना दिया। उन्हें शर्म आनी चाहिए। उन्हें यह बताना चाहिए बिहार की जनता को इन पांच सालों में क्या मिला। उन्होंने कहा कि नीतीश जी ने जो गुनाह किया है, उसे इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।