logo

मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं...शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी मुझे सौंपे मुख्यमंत्री: जगरन्नाथ महतो

10495news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

जगरन्नाथ महतो रांची लौट चुके हैं। पिछले साल सितंबर महीने से ही चेन्नई के एक अस्पताल में इलाजरत जगरन्नाथ महतो पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। पिछले महीने ही वो विशेष विमान से रांची लौटे लेकिन अभी तक उनको शिक्षा मंत्रालय का प्रभार नहीं दिया गया है। जगरन्नाथ महतो कह चुके हैं कि वो पूरी तरह ठीक हैं लेकिन उनको विभाग का कार्यभार नहीं सौंपना अटकलों को मौका दे रहा है। फिलहाल शिक्षा विभाग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जिम्मे है। 

सितंबर 2020 में कोरोना पॉजिटिव हुए थे जगरन्नाथ महतो
गौरतलब है कि सितंबर 2020 में शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। उनको इलाज के लिए पहले रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हालत गंभीर होती देख जगरन्नाथ महतो को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर चेन्नई के एमजीएम अस्पताल भेजा गया। पोस्ट कोविड जटिलताओं की वजह से उनके फेफड़ों का ट्रांसप्लांट किया गया। उनको ठीक होने में वक्त लगा इसलिए वो चेन्नई में ही स्वास्थ्य लाभ लेते रहे। आखिरकार चेन्नई के डॉक्टरों ने उनको स्वास्थ्य परीक्षण के बाद पूरी तरह से फीट घोषित किया और अस्पताल में छुट्टी दी। वो रांची लौट आए जहां मुख्यमंत्री ने खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। 

अभी तक जगरन्नाथ महतो को नहीं मिली विभाग की जिम्मेदारी
उम्मीद की जा रही थी कि चेन्नई से लौटते ही जगरन्नाथ महतो मंत्रालय का कामकाज संभाल लेंगे लेकिन उनको अभी तक विभाग की जिम्मेदारी नहीं दी गई है। इस समय शिक्षा मंत्रालय का कामकाज मुख्यमंत्री हेमतं सोरेन के पास है। वही विभाग का सारा मसला देख रहे हैं। वैसे शिक्षा मंत्रालय कब जगरन्नाथ महतो को सौंपना है ये मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। वैसे कयास लगाए जा रहे हैं कि मंत्रिमंडल में 12वें मंत्री का पद खाली है। उस पर किसी को मंत्री बनाना है। नियम के मुताबिक उस स्थान पर किसी कांग्रेसी विधायक को मंत्री बनाना है लेकिन इसको लेकर खींचतान जारी है। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विभागों में फेरबदल भी कर सकते हैं। यही वजह है कि अभी पूरी तरह से शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो को मंत्रालय का कामकाज नहीं सौंपा गया है। 

जगरन्नाथ महतो ने मुख्यमंत्री से विभाग देने की अपील की
एक निजी समाचार चैनल से बातचीत में जगरन्नाथ महतो ने कहा मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं। मैं मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं। मुख्यमंत्री से आग्रह है कि मुझे शिक्षा मंत्रालय का जिम्मा सौंपे। हालांकि जगरन्नाथ महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री कब ऐसा करते हैं ये पूरी तरह से उनके विवेक और विशेषाधिकार पर निर्भर करता है। उधर चेन्नई से वापस लौटते ही जगरन्नाथ महतो ने कहा था कि वे पारा शिक्षकों की मांगों से सहानुभूति रखते हैं और यथासंभव उनको पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। गौरतलब है कि हाईस्कूल नियुक्ति, टेट पास अभ्यर्थियों की नियुक्ति और बोर्ड परीक्षा संबंधित जटिलता जैसे कई मुद्दे अभी लंबित हैं।