द फॉलोअप टीम, रांचीः
राज्य में नौवीं और 11वीं क्लास के छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। बिना विलंब शुल्क के 4 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया होगी। वहीं विलंब शुल्क के साथ 8 से 15 दिसंबर तक यह प्रक्रिया चलेगी। नौवीं और 11वीं में रजिस्ट्रेशन कराने वाले ही छात्र छात्रा 2023 में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा दे सकेंगे।

जैक ने शेड्यूल जारी किया
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने इस संबंध में शेड्यूल जारी कर दिया है। रजिस्ट्रेशन के साथ-साथ छात्र-छात्राओं से नौवीं और 11वीं की परीक्षा के लिए आवेदन भी भरवाए जा रहे हैं। दो चरणों में होने वाली यह परीक्षा जनवरी और जून 2022 में होगी। नौंवी क्लास के नियमित स्वतंत्र छात्र-छात्राओं के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 80 रुपए लगेंगे। नियमित और स्वतंत्र छात्र-छात्राओं से 2022 में होने वाली परीक्षा के शुल्क के रूप में 90 रुपए के लिए जाएंगे।
क्या होगा शुल्क
पूरी तरह स्वतंत्र छात्र- छात्राओं को रजिस्ट्रेशन शुल्क 400, अनुमति शुल्क 500 और पंजीयन विलंब शुल्क 300 रुपए लगेंगे। स्थापना अनुमति प्राप्त उच्च विद्यालय (गैर अनुदानित) केंद्र प्रायोजित मॉडल विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पंजीयन और परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा।