द फॉलोअप टीम, लोहरदगा:
झारखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त व खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि सरकार की कोशिशें धीरे-धीरे रंग ला रही है। अपने ही घर-गांव में महिलाएं आत्मवनिर्भर बन रही हैं। इससे उन्हेंक आय भी हो रही है। वे जंगल से पेड़ के सूखे पत्तों को चुनकर ला रही हैं। उन्हें 2 रुपए किलो की दर से भुगतान किया जा रहा है। सूखे पत्ते से ईंधन के लिए ब्रिकेटिंग तैयार किया जा रहा है। अब स्कूली पोशाक भी लोहरदगा जिला में ही तैयार होगी। जेएसएलपीएस के सहयोग से यहीं ड्रेस का निर्माण होगा।
ब्रिकेटिंग प्लांट और औद्योगिक सिलाई केंद्र का उद्घाटन
डॉ रामेश्वर उरांव ने आज किस्को के तिसिया ग्रामके लैम्पस बिल्डिंग में ब्रिकेटिंग प्लांट और प्रखंड कार्यालय के पुराने भवन में स्थापित औद्योगिक सिलाई केंद्र का उद्घाटन किया। प्लांट का संचालन स्थानीय वन अधिकार समिति व सहकारिता के द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। मौके पर मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि आज से ब्रिकेटिंग प्लांट स्थापित किया गया है। इसमें पेड़ के सूखे पत्ते से ईंधन के लिए ब्रिकेटिंग तैयार किया जा रहा है।
आय के और भी बहुत तैयार हो रहे माध्यम
डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि सेन्हा में स्वेटर निर्माण केंद्र भी खुलेगा। पेशरार में दरी निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। स्कूल में मध्याहन भोजन के अंतर्गत अंडे की आपूर्ति के लिए मुर्गीपालन को बढावा दिया जाएगा ताकि सभी को ताजा अंडा मिल सके। पापड़ व अचार का व्यवसाय भी इसी जिले की महिला स्वयं सहायता समूह कर सकें, इसके लिए उन्हें प्रोत्साहित किया जायेगा। किसानों को दुग्ध व्यवसाय, मछली पालन के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा ताकि जिला अव्वल हो सके। रोजगार सृजन के ज्यादा से ज्यादा मौके ढूंढें जाएंगे।
विकास की ओर बढ़ रहा लोहरदगा जिला: धीरज प्रसाद साहू
मौके पर राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि हेमंत सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। आज जिला विकास की ओर बढ़ रहा है। एक स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण भी जल्द कराया जाएगा। सभी माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल भेजें, खेल के मैदान में भेजें और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। यह जो सिलाई केंद्र खुला है यह अवसर है आगे बढ़ने का। हमारे पास अच्छे साधन हैं जो इसके लिए अधिक से अधिक लोग इस केंद्र से जुड़कर अपनी आय बढ़ाएं। यहां के लोग हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मेहनत करें और आगे बढ़ने के लिए कदम से कदम मिलाकर साथ में आगे बढ़े और इस जिला का विकास करने के लिए अपना योगदान दें।
महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक पहल: डीसी
उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक पहल करते हुए रोजगार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन पंचायती राज पदाधिकारी महेश कुमार चौहान एवं समापन एसडीओ अरविंद कुमार लाल द्वारा किया गया। मौके पर डीडीसी अखौरी शशांक सिन्हा जिला शिक्षा अधीक्षक अखिलेश झा, एसडीओ अरविंद कुमार लाल, सांसद प्रतिनिधि अशोक यादव, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, जिला योजना पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, डीपीआरओ पलटू महतो, एडीएफ वरूण शर्मा, दिव्या तिवारी, बीडीओ अनिल कुमार मिंज सीओ बुडा़यं सारू थाना प्रभारी अभिनव कुमार सहित सभी विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।