logo

CoronaUpdate: 24 घंटे में मिले 1,71,100 संक्रमित मरीज, 4 लाख के करीब पहुंचा एक्टिव केस

16814news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

भारत में कोरोना के मामलों में असामान्य उछाल देखा जा रहा है। कोरोना के मामले बीते 2 से 3 दिनों से जिस प्रकार बढ़े हैं, ऐसा पहली या दूसरी लहर में भी नहीं देखा गया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा जानकारी के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में 1 लाख 17 हजार 100 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इस दौरान 30 हजार 836 मरीजों ने कोरोना को मात दी। 302 मरीजों की मौत हो चुकी है। दैनिक पॉजिटिविटी दर बढ़कर अब 7.74 फीसदी तक पहुंच गई है। 

4 लाख के करीब पहुंची संक्रमितों की संख्या
भारत में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 4 लाख के करीब पहुंच गई है। गौरतलब है कि फिलहाल देश में 3 लाख 71 हजार 363 कोरोना संक्रमित मरीज हैं। मृतकों की संख्या में हालांकि बहुत इजाफा नहीं हो रहा है। जो पुराने आंकड़े अपडेट होते हैं उसी से मृतकों की संख्या बढ़ती दिख रही है। कोरोना महामारी की शुरुआत सेलेकर अब तक देश में कुल 4 लाख 83 हजार 178 नागरिकों की जान जा चुकी है। अब तक 3 करोड़ 43 लाख 71 हजार 845 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। 

वैक्सीनेशन की रफ्तार और तेज करनी होगी
इस बीच देश में वैक्सीनेशन भी जारी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कहा है कि कोरोना की तीसरी लहर से बचाव का सबसे कारगर और उपलब्ध तरीका टीकाकरण ही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक अब तक नागरिकों को 149.66 करोड़ डोज लग चुकी है। बीते साल अक्टूबर माह में ही देश में 100 करोड़ डोज टीकाकरण का कीर्तिमान स्थापित किया था। हालांकि, भारत में अभी भी कई इलाकों में लोग टीका लगवाने से कतरा रहे हैं।

फ्रांस और फिलिपिंस की सरकार ने तो टीका नहीं लगवाने पर सख्त रूख अपनाया है। फ्रांस में किसी भी सार्वजनिक स्थान पर जाने के लिए वैक्सीन पास की आवश्यक्ता पड़ेगी। फिलिपिंस सरकार ने टीका नहीं लगवाने वालों को स्टे एट होम का आदेश दिया है। बाहर निकलने पर गिरफ्तारी होगी। यूरोप भी महामारी से बहुत त्रस्त है। 

अब तक ओमिक्रॉन वेरिएंट के 3 हजार 7 मामले
इस बीच चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि पहचान भले ही नहीं हो पा रही हो लेकिन देश में संक्रमित पाए जा रहे ज्यादातर लोग ओमिक्रॉन से ग्रसित हैं। विशेषज्ञों ने अनुमान जताया है कि देश में कोरोना के नये मामलों में 60 फीसदी लोग ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का आंकड़ा बताता है कि सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को मिलाकर देश में अब तक ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित 3 हजार 7 मामले सामने आए हैं। इनमें से 1,199 लोग ठीक हुये हैं।