द फॉलोअप टीम, डेस्क:
बिहार पंचायत चुनाव में अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। बिहार पंचायत चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया जारी है। इस बीच नामांकन से लेकर नेताओं के वादों वाले पोस्टर तक में अजीब-अजीब गतिविधियां हो रही है। कोई नामांकन के लिए बैलगाड़ी से आ रहा है तो किसी ने चुनावी वादे वाले पोस्टर में खुद को सबसे बड़ा कमीना और दारूबाज बताया है। कहीं कोई फ्री ब्यूटी पार्लर का वादा कर रहा है तो कोई बैल पर सवार होकर नामांकन के लिए पहुंचा है।
#WATCH | Bihar Panchayat Polls 2021: Azad Alam, a candidate from Katihar district's Rampur panchayat arrived to file his nomination on a buffalo yesterday pic.twitter.com/CBIF0bbqPl
— ANI (@ANI) September 13, 2021
भैंस पर सवार होकर पहुंचा था प्रत्याशी
ताजा मामला कटिहार का है। कटिहार जिला के रामपुर पंचायत से प्रत्याशी आजाद आलम सोमवार को भैंस पर सवार होकर नामांकन के लिए पहुंचे। पूछने पर बताया कि मैं एक पशुपालक हूं, इसलिए भैंस पर सवार होकर नामांकन के लिए आया हूं। उन्होंने कहा कि भैंस पर इसलिए आना पड़ा क्योंकि मेरे पास पेट्रोल या डीजल खरीदने के पैसे नहीं हैं। इस दरम्यान प्रत्याशी के साथ उनके समर्थकों की भी भीड़ दिखी। लोग काफी उत्साहित दिखे।

पूरे गांव को सरकारी नौकरी का वादा
ऐसा ही एक अजीब नजारा मुजफ्फरपुर में दिखा। यहां मकसूदा पंचायत से मुखिया पद के प्रत्याशी ने कमाल का वादा किया है। प्रत्याशी ने वादा किया है कि यदि वो मुखिया बन गया तो पूरे गांव को सरकारी नौकरी दी जायेगी। गांव में हवाई अड्डा की सुविधा दी जाएगी। कुंवारे लड़कों को बाइक और प्रतिदिन पांच हजार रूपया बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। लड़कियों को मुफ्त में सिलाई मशीन बांटी जाएगी। लड़कियों के लिए गांव में ही फ्री ब्यूटी पार्लर की सुविधा भी दी जाएगी। प्रत्याशी ने बुजुर्गों का भी खास खयाल रखा है। वादा किया है कि यदि जीत गया तो उनको प्रतिदिन 1 पेकैट तंबाकू और बीड़ी दिया जाएगा।

पंचायत चुनाव में 11 चरणों में होगी वोटिंग
गौरतलब है कि बिहार में पंचायत चुनाव का एलान किया जा चुका है। 24 सितंबर से 12 दिसंबर तक मतदान होंगे। कुल 11 चरणों में वोटिंग करवाई जायेगी। कहा जा रहा है कि कोरोना गाइडलाइन का पालन करवाने और सोशल डिस्टेंसिंग का खयाल रखने के उद्देश्य से 11 चरणों में मतदान करवाया जा रहा है। बिहार पंचायत चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।