logo

रूपा तिर्की मामला: न्याय के लिए बनी मानव श्रृंखला, पिता ने पुलिस की जांच पर उठाए सवाल

9357news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की मौत के एक महीने पूरे होने पर उनके परिजनों और साथियों ने गुरुवार को रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर मानव श्रृंखला बनाई। सैकड़ों की संख्या में खड़े हो कर लोगों ने रूपा मामले में सीबीआई जांच की मांग की और रूपा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उसे श्रद्धांजलि दी। साथ ही रूपा के पिता देवानंद उरांव ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाया है। उन्होंने पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं जताते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। 
बता दें कि 3 मई को रूपा की लाश साहेबगंज स्थित उनके आवास पर फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली थी। पुलिस ने अपनी जांच में इसे आत्महत्या बताया है, लेकिन परिवार वाले हत्या बता रहे हैं। इसी को लेकर महीने भर से आंदोलन चल रहा है। मामले में मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा का नाम आया है। 

चोट के निशान और अधूरी डीवीडी पर संशय 
पिता देवानंद उरांव ने रूपा तिर्की के शव पर मिले चोट के निशान का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस के पास इनका कोई जवाब नहीं है। उन्होंने बताया कि रूपा की आंख पर चोट के निशान थे, जो संभवत: मुक्का मारने के बाद का है। इसी तरह कई अन्य जगहों पर उन्होंने ऐसे निशान का जिक्र किया। पुलिस द्वारा उन्हें दी गई सीडी को भी उन्होंने अधूरी बताया और कहा कि वह सीडी पूरी कहानी नहीं बताती। इन्ही बिंदुओं के आधार पर वे रूपा की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं।
 
मां ने कहा परिवार पर दबाव बना रही है पुलिस 
रूपा की मां ने कहा कि पुलिस परिजनों पर दबाव बना रही है। परिजनों से कहा जा रहा है कि वे आंदोलन नहीं करें। मां ने भी पुलिस की जांच पर सवाल उठाए और कहा कि पुलिस दबाव में काम कर रही है। मौके पर मौजूद सभी लोग हाथों में रूपा को न्याय दिलाने से संबंधित तख्तियां लेकर खड़े थे।