logo

ऑनर किलिंग: मालदा की लड़की को गोड्डा में लाकर मार डाला, दादा है मुख्य आरोपी!

10962news.jpg
द फॉलोअप टीम, गोड्डा:

13 जुलाई को गोड्डा में गांधीग्राम के जामजोड़ी तालाब में बंद बोर में एक युवती की लाश मिली थी। पुलिस लगातार उसके परिजनों की तालश में जुटी थी। जब इस मामले का खुलासा हुआ तो जो बात सामने आई वो चौंकाने वाली थी। मामला ऑनर किलिंग का है। दरअसल मालदा की युवती अपने गांव के ही युवक से प्रेम करती थी और शादी को लेकर जिद पर अड़ी थी। इसलिए लड़की के घरवालों ने साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी। लड़की के दादा और भाइयों ने मिलकर लड़की का कत्ल किया है। युवती ओलकी कुमारी अपने गांव के ही रूपचंद मंडल नामक लड़के से प्यार करती थी।  दोनों शादी करने की तैयारी में थे  लेकिन घरवाले सहमत नहीं थे। दोनों एक बार घर से फरार भी हो चुके थे। 



घर वालों ने रची थी साजिश 
लड़की जिद पर अड़ी थी इसलिए घरवालों ने खौफनाक साजिश रची। परिजनों ने लड़की को गोड्डा के गांधीग्राम में अपने रिश्तेदार के घर लाकर रखा। 20 दिन तक लड़की को रखने के बाद उसकी शादी कहीं और तय कर दी गई।  लड़की को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने शादी से साफ़ इनकार कर दिया। परिजनों का गुस्सा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा था।  आखिरकार एक दिन लड़की के दादा, उसके भाई समेत सात लोगों ने मिलकर लड़की का गला दबा दिया। सबूत मिटाने के लिए शव को बोरे में बंद किया और गाड़ी में लाश भरकर तालाब में फेंक आए। 

काफी मशक्क़त से सुलझी गुत्थी 
एसपी के निर्देश पर जांच के लिए एक टीम बनाई गई थी। काफी मशक्कत के बाद पता चला कि लड़की पश्चिम बंगाल के मालदा की रहने वाली है। मामला दो राज्यों से है इसलिए पुलिस को काफी परेशानी हुई। आखिरकार गोड्डा एसपी वाइएस रमेश ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए इस हत्याकांड से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद पुलिस का भी मानना है कि लड़की की हत्या सीधे तौर पर ऑनर किलिंग का मामला है।