logo

ऑक्सीजन की आपूर्ति में रूकावट से पांच मरीजों की मौत, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने दिया जांच का आदेश

8240news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
सदर अस्पताल रांची में ऑक्सीजन सप्लाई में आई तकनीकी खराबी की वजह से पांच मरीजों की मौत हो गयी। जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह सदर अस्पताल में मोक्स रेगुलेटर लीकेज की वजह से फट गया। इसकी वजह से तकरीबन सवा घंटे तक आईसीयू में ऑक्सीजन की सप्लाई रूक गयी। ऑक्सीजन का फ्लो प्रेशर 50 से गिरकर 12 तक पहुंच गया था। पांच मरीजों ने दम तोड़ दिया। 

मरीजों की मौत से दहशत में परिजन
गौरतलब है कि वार्ड में जंबो सिलेंडर भी जिसे कनेक्ट करने का प्रयास किया गया। जब तक इसमें कामयाबी मिल पाती पांच मरीजों की मौत हो चुकी थी। मरीज के तीमारदारों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ऑक्सीजन के अभाव में मरीजों ने उनके सामने ही तड़पकर दम तोड़ दिया। पांच मरीजों की मौत हो जाने से बाकी मरीज के परिजनों में चिंता औऱ दहशत है। 

स्वास्थ्य मंत्री ने दिया जांच का आदेश
इस मामले पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि मैनी फोल्ड पंक्चर होने की बात सामने आई थी। हमने इस बारे में मुख्यमंत्री से बात किया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हमने सचिव को पत्र भेजा है। मामले की निष्पक्ष जांच की जायेगी। जो लोग भी मामले में दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने इसकी पूरी रिपोर्ट मांगी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो इसका ध्यान रखा जायेगा।