logo

ना सिक्योरिटी ना तामझाम! बारिश में डूबी बस्तियों का हाल जानने अचानक पहुंचे बन्ना गुप्ता

11423news.jpg

द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर: 

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और पूर्वी सिंहभूम विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के विधायक बन्ना गुप्ता अचानक औचक निरीक्षण पर निकले। बन्ना गुप्ता शनिवार रात तकरीबन 12 बजे मूसलाधार बारिश के बीच ही बारिश की वजह से बढ़े जलस्तर का मुआयना करने निकले पड़े। इस दौरान उनके साथ ना तो सिक्योरिटी थी और ना ही बड़ा काफिला।

 

स्वर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर बढ़ा
गौरतलब है कि झारखंड में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से स्वर्णरेखा औऱ खरकई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इसी का निरीक्षण करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने नदी किनारे बसी बस्तियों का दौरा किया। वहां के लोगों से उनका हालचाल पूछा। अधिकारियों को फोन किया और लोगों की सहायता करने का निर्देश भी दिया। 

स्वास्थ्य मंत्री को बीच पाकर खुश हो गए लोग
इतनी रात को स्वास्थ्य मंत्री को अपने बीच पाकर लोग भी हैरान रह गए। लोग खुश भी हुए कि कैबिनेट मंत्री उनका हालचाल जानने आए। लोगों ने अपनी समस्याएं स्वास्थ्य मंत्री से कहीं। लोगों ने मंत्री से सहायता भी मांगी। स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी हरसंभव सहायता की जाएगी। इस दौरान एसडीओ, सहित तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

राजधानी रांची में भी हो गया था जलजमाव
गौरतलब है कि झारखंड में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। बारिश रविवार को सुबह जाकर थमी। भारी बारिश की वजह से स्वर्णरेखा और खरकई सहित राज्य की अन्य कई नदियां उफना गईं। इसकी वजह से नदी किनारे बसे इलाकों में पानी भर गया। कहीं पुल टूट गया तो कहीं फसल डूब गई। राजधानी रांची में भी जलजमाव हुआ। कई इलाकों में पानी भर गया। कांके और अरगोड़ा जैसे निचले इलाकों में तो अपार्टमेंट का बेसमेंट पानी में डूब गया।