logo

प्रदर्शन से महिला हॉकी टीम ने जीता दिल, हरियाणा सरकार ने खोला खजाना, खिलाड़ियों को देगी 50-50 लाख

11579news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 


भारतीय महिला हॉकी टीम को टोक्यो ओलंपिक्स में कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में ब्रिटेन के हाथों हार का सामना करना पड़ा। एक समय मैच में 3-2 से आगे चल रही भारतीय टीम आखिरकार ये मुकाबला 4-3 से हार गई। भारतीय महिला हॉकी टीम भले ही मुकाबला हार गई हो लेकिन तब भी टीम ने कमाल किया। टीम पहली बार सेमीफाइनल में पहुंची थी। ब्रिटेन जैसी मजबूत टीम को कड़ी टक्कर दी। तीन बार की ओलंपिक चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को कड़ी टक्कर दी। 

हरियाणा सरकार ने खोला खजाना
अब टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए हरियाणा सरकार ने खजाना खोल दिया है। टीम में खेल रही प्रदेश की 9 खिलाड़ियों के लिए हरियाणा सरकार ने 50-50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। गौरतलब है कि टीम इंडिया में हरियामा से कप्तान रानी रामपाल, नवजोत कौर, नवनीत तौर, सोनीपतजिले की मोनिका मलिक, नेहा गोयल, निशा और हिसार जिले से शर्मिला गदारा, उदिता हुन और सिरसा से सविता पुनिया शामिल हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इनाम की घोषणा करते हुए कहा कि झांसी की रानी की तरह लड़ीं बेटियां। 

टोक्यो में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन
गौरतलब है कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक्स में शानदार प्रदर्शन किया। जब टीम टोक्यो ओलंपिक्स के लिए प्रस्थान कर रही थी तो अधिकांश लोगों को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। कोई उम्मीद नहीं थी। भारतीय टीम ग्रुप स्टेज का पहला मुकाबला हार भी गई थी लेकिन इसके बाद टीम ने शानदार वापसी की। पहले आयरलैंड को हराया और फिर आखिरी लीग मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को। क्वार्टर फाइनल में टीम ने तीन बार की ओलंपिक चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया। सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने अर्जेंटीना जैसी मजबूत टीम को कड़ी टक्कर दी। जीत हासिल करने के लिए अर्जेंटीना को नाकों चबे चबाने पड़े। कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में भी एक समय टीम इंडिया 3-2 से आगे चल रही थी। यहां भी जीत हासिल करने के लिए ब्रिटेन को संघर्ष करना पड़ा। ये टीम इंडिया की बड़ी जीत कही जाएगी। 

भविष्य में टीम इंडिया से और बेहतर की उम्मीद
टीम इंडिया भले ही कांस्य का मुकाबला हार गई हो लेकिन हिंदुस्तान में अधिकांश लोगों की जुबान पर टीम की कप्तान रानी रामपाल, वंदना कटारिया, नेहा गोयल, नवनीत कौर, हरजीत कौर, नवजोत कौर, सविता पुनिया, निकी प्रधान और सलीमा टेटे का नाम चढ़ गया। महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसा प्रदर्शन कि ब्रिटेन की हॉकी फेडरेशन ने भी भारतीय टीम की प्रशंसा की है। अब जब टीम वापस लौटेगी तो उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। टीम आगे और भी अच्छा प्रदर्शन करेगी।