द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली
कृषि कानून पर किसान और केंद्र सरकार के बीच पांचवे दौर की बैठक भी बेनतीजा रही। लगभग दिनभर चले बैठक में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा सका। 9 दिसंबर को फिर से छठे दौर की बैठक तय हुई है। इस दिन किसान और सरकार के प्रतिनिधि फिर से आमने-सामने होकर बातचीत करेंगे।
इधर दिल्ली के आसपास सड़कों पर किसानों का आना जारी है। लगातार दसवें दिन किसान सड़कों पर डटे रहे हैं। किसानों ने अपनी मंशा साफ कर दी है कि वे वापस जाने के मूड में नहीं हैं। सरकार जब तक उनकी बातें नहीं मानती हैं, वह पीछे नहीं हटने वाले हैं।
हमारे पास साल भर का खाना, सरकार चाहे तो हम सड़कों पर रहने को तैयार
किसानों ने सरकार को ललकारते हुए कहा है, कि उनके पास साल भर का खाना है और वे साल भर बिना खेती किए रह सकते हैं। अगर सरकार चाहती है कि किसान सड़कों पर रहें, तो वे इसके लिए तैयार हैं। किसानों ने सरकार को यह भी चेतावनी दी है कि वे जल्द ही कोई ठोस निर्णय लेंगे, जिसकी जानकारी उन्हें मिल जाएगी।
किसानों को सेलिब्रिटी का भी मिल रहा समर्थन
किसान आंदोलन पर कई लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इस बीच कई अभिनेता किसानों के समर्थन में सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ शनिवार को किसानों के समर्थन में दिल्ली के मंच पर आए। बता दें कि कृषि कानून को लेकर दिलजीत और कंगना रनाउत के बीच ट्विटर पर तीखी बहस हो चुकी है।