द फॉलोअप टीम, रांची
केंद्र सरकार के कृषि कानून के विरोध में जबरदस्त आंदोलन के बाद सरकार और किसानों के बीच वार्ता हो रही है। लेकिन इस बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल ने अपना पद्म विभूषण सम्मान लौटा दिया है। उन्होंने यह फैसला किसानों के समर्थन में लिया है। प्रकाश सिंह बादल 2015 में पद्म विभूषण से सम्मानित हुए थे। सम्मान लौटाने को लेकर चारों तरफ चर्चा शुरू हो चुकी है। इधर दूसरी तरफ दिल्ली के विज्ञान भवन में किसानों के साथ सरकार की वार्ता चल रही है।
कृषि कानून के मसले पर ही अकाली दल ने छोड़ा था एनडीए का साथ
बता दें कि अकाली दल भी पिछले 22 साल से एनडीए का हिस्सा थी, लेकिन कृषि कानून के मसले पर उन्होंने सितंबर में एनडीए का दामन छोड़ दिया था। इसी कड़ी में हरसिमरत कौर बादल ने भी कैबिनेट से इस्तीफा दिया था। इधर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की है।
किसानों के साथ चौथे चरण की वार्ता जारी
आंदोलनरत किसानों के साथ केंद्र सरकार की पहल पर चौथे चरण की वार्ता जारी है। 2 दिन पहले विज्ञान भवन में हो रही वार्ता में 35 किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला और वह बैठक बेनतीजा रह गई थी। सरकार के प्रयास पर आज फिर किसानों के साथ बातचीत करने का प्रयास किया जा रहा है। 40 संगठन के नेता सरकार से बातचीत करने के लिए विज्ञान भवन पहुंचे हैं।