logo

खूंटी में आसमानी बिजली के गिरने से एक परिवार में पसरा मातम, 5 ने तोड़ा दम

10417news.jpg
द फॉलोअप टीम, खूंटी:
आसमान में जैसे ही बादल गरजता है, किसानों के चेहरे खिल उठते हैं। वहीं गर्मी से बेहाल  बच्‍चे छपाछप पानी में खेलने लगते हैं। लेकिन यही बरसात उन लोगों के लिए मुसीबत भी बनकर आती है, जिनके घर मिट्टी के होते हैं या होते ही नहीं या खुले आसमान तले मजदूरी  करनी उनकी मजबूरी होती है। आज खूंटी में एक ऐसे ही परिवार में मातम पसर गया है। आसमानी बिजली के गिरने से एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई है।



धान का बिचड़ा लगाने गए थे खेत
घटना जोरको मंडाटांड की है। कर्रा प्रखंड अंतर्गत लरता पंचायत के डहुटोली के एक परिवार के सभी सदस्‍य अपने खेत में धान का बिचड़ा लगाने गए थे। तेज बारिश होने के कारण सभी खेत के किनारे एक पेड़ के नीचे बचने चले गए। लेकिन अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आ गए। जिससे पांच लोगों की जान चली गई। जबकि एक ढाई साल का मासूम अर्पण मुंडा घायल हो गया। सूचना पर घटनास्थल के लिए कर्रा पुलिस व सीओ बीडीओ रवाना हो चुके है। मरने वालों में घर का मुखिया 55 वर्षीय मंगा मुंडा,पत्नी जीवंती मुंडाइन,बेटा पूना मुंडा,बहूं पैमा मुंडाईन, पोता आयुष मुंडा शामिल है। जबकि ढाई साल का पोता अर्पण गंभीर रूप से घायल है।