logo

सरकार की गीदड़-भभकियों से नहीं डरेगी BJP, और तेज करेंगे आंदोलन- प्रतुल शाहदेव

9969news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

कोरोना नियमों के उल्लंघन के मामले में बीजेपी के नेताओं पर दर्ज प्राथमिकी के मामले में झारखंड बीजेपी के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि बीजेपी फर्जी मुकदमों से डरने वाली नहीं है। हम किसानों की आवाज उठाते रहेंगे। राज्य सरकार अपनी सभी सीमाओं को तोड़कर विपक्ष को दबाने के लिए तमाम हथकंडे अपना रही है, लेकिन बीजेपी सरकार की गीदड़भभकियो से डरने वाली नहीं है। हम आंदोलन को और तेज करेंगे। आंदोलन जारी रहेगा। 

लॉकडाउन में भीड़ जमा करने को लेकर प्राथमिकी
लॉकडाउन में भीड़ जमा करने की मनाही के बावजूद धरना प्रदर्शन करने के आरोप में रांची पुलिस ने शनिवार को बीजेपी और भाकपा मामले के 150 से भी ज्यादा नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। इन नेताओं के खिलाफ कोरोना गाइडलाइन का उल्लंगन करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। रांची के कांके थाना में इन नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

कांके थाना में दीपक प्रकाश के खिलाफ प्राथमिकी 
रांची के कांके थाना में पुलिस ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और कांके विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक समरीलाल सहित 80 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मिली जानकारी के मुताबिक अनगड़ा के सीआई बासुकीनाथ टुडू के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। बता दें कि बीजेपी नेताओं द्वारा दिए गए धरना प्रदर्शन को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राजनीतिक नौटंकी कहा था। 

धान क्रय की राशि का भुगतान को लेकर धरना
गौरतलब है कि झारखंड में किसानों को धान क्रय की राशि का भुगतान नहीं किए जाने के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ जाकर खेतों में धरना प्रदर्शन किया था। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, बीजेपी के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, रांची विधायक सीपी सिंह सहित सभी जिलों के बीजेपी नेता, सांसद और विधायकों ने कार्यकर्ताओं और किसानों के साथ जाकर धरना प्रदर्शन किया था।