logo

राज्यपाल को मुख्यमंत्री आवास में दी गई विदाई, हेमंत सोरेन बोले- सदैव अनुकरणीय रहेंगे द्रोपदी मुर्मू के काम

10728news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में रविवार को राज्य सरकार की ओर से राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित हुआ। मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्यपाल के रूप में द्रोपदी मुर्मू के द्वारा किए गए कार्य सदैव हमसभी के लिए अनुकरणीय रहेंगे। राज्यपाल के रूप में इनका कार्यकाल सबसे लंबा 6 साल से अधिक का रहा। इनके मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश से राज्य ने लंबी यात्रा तय की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने बेहतर मार्गदर्शन और समन्वय से राज्य में गुड गवर्नेंस का उदाहरण पेश किया। इन्होंने कई कठिन निर्णय को सरलता से लेते हुए समस्याओं का समाधान किया। 



मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य के हर वर्ग के लोगों के प्रति इनका विशेष लगाव और प्यार था। हर वर्ग के लोगों के साथ इनका सीधा संवाद निश्चित रूप से काफी सराहनीय रहा। इन्होंने सभी तबके के लोगों को जोड़ कर रखा। राज्य के दलित, गरीब, पिछड़ों के बेहतरी और विकास के लिए इन्होने प्रतिबद्धता के साथ प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का आभार जताते हुए इनकी सेवाओं की सराहना की। कहा कि निश्चित रूप से इनके कार्यकाल को झारखंड की जनता सदैव याद रखेगी।



स्‍पीकर के अलावा सत्यानंद भोक्ता समेत कई मंत्री रहे शामिल
सादगी से भरे भावपूर्ण वातावरण में राज्यपाल को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मंत्री बादल पत्रलेख, मंत्री सत्यानंद भोक्ता और मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी। राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने सभी का सहृदय अभिवादन किया। 



शिबू सोरेन भी परिवार के साथ रहे उपस्‍थित
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह के अवसर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी रूपी सोरेन, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन सहित अन्य परिजनों ने भी मौजूद रहें और राज्यपाल एवं उनके परिजनों को पुष्पगुच्छ तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।



मेयर समेत कई पदाधिकारी भी रहे मौजूद 
मौके पर रांची मेयर आशा लकड़ा, राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, राज्य निर्वाचन आयुक्त डी के तिवारी, डीजीपी नीरज सिन्हा, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव के के खंडेलवाल, अपर मुख्य सचिव  एल खियांग्ते, अपर मुख्य सचिव  शैलेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव  अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव  वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, महाधिवक्ता राजीव रंजन, रांची उपायुक्त छवि रंजन सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।