logo

नौकरियां ही नौकरियां लेकिन कोई लेने ही नहीं पहुंच रहा 

14212news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांचीः

झारखंड में धरना स्थलों में जब देखो तब नौकरी को लेकर बवाल मचा रहता है। युवा नौकरी नहीं मिलने से आक्रोशित रहते है और सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते हैं। लेकिन विडंबना है कि मंगलवार को जब नौकरियां बंट रही थी, तब युवा रोजगार मेला में पहुंचे ही नहीं। बात झारखंड सरकार के नियोजनालय में लग रहे रोजगार मेले की हो रही है। रांची स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय में 26 अक्टूबर को रोजगार मेला लगा था। लेकिन यहां रिक्तियों से भी कम अभ्यर्थी पहुंचे, और चयनित अभ्यर्थियों की संख्या काफी कम रही। 

एलआईसी एजेंट बनने का मौका 

यह रोजगार मेला श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग ने आयोजित किया था। मेला के माध्यम से एलआईसी एजेंट बनने से लेकर नासिक महाराष्ट्र के जिंदल पॉली फिल्म्स में ट्रेनी कम जूनियर ऑपरेटर तक के पदों पर नियुक्ति हो रही थी। यहां पूरे दिन अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा होती रही। लेकिन बहुत ही कम युवा मेले में पहुंचे। नासिक महाराष्ट्र के जिंदल पॉली फिल्म्स में ट्रेनी कम जूनियर ऑपरेटर के 100 पद रिक्त हैं। NTTF जमशेदपुर के NEEM Trainee के लिए 50 पद, Lic of India में रांची के Lic Agent के 100 पद खाली हैं। लेकिन मेले में मात्र 48 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिसमें से मात्र 10 अभ्यर्थियों का ही चयन हुआ। वहीं 19 अभ्यर्थियों को शौर्टलिस्ट किया गया। 

5% पदों पर भी नहीं हो सकी नियुक्ति

कुल 250 सीटों में से महज 5% सीटें भी नहीं भर सकीं। नियोजनालय के अधिकारी अभ्यर्थी का इंतजार करते रहे। अधिकारियों के अनुसार योग्यता के अनुरूप अभ्यर्थियों की कमी देखी जा रही है। बता दें कि हेमंत सरकार ने इस साल को नियुक्ति वर्ष घोषित किया है। इसके तहत ही रोजगार मेला आयोजित किया गया था। लेकिन कल का नाजरा देखकर यही लगा कि लोगों को इस मेले के बारे में जानकारी ही नहीं थी, इसलिए इस बात की आवश्यकता है कि लोगों तक पहले मेले की जानकारी पहुंचाई जाए, तभी इस तरह के आयोजनों की सार्थकता होगी।