logo

दुमका: पुलिस ने हथियार के साथ अपहरणकर्ता को किया गिरफ्तार, अपह्रत व्यक्ति भी बरामद

10228news.jpg
द फॉलोअप टीम, दुमका: 

दुमका पुलिस ने अपहरण की एक बड़ी वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। दुमका पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने सोमवार को इस विषय में एक प्रेस वार्ता भी बुलाई थी जहां गिरफ्तार आरोपी को मीडिया के सामने पेश किया गया। 

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि गुप्त सूचना के आधार पर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने अपह्त व्यक्ति को भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि ये गिरोह लंबे वक्त से उस इलाके में फिरौती के लिए अपहरण की वारदातों में लिप्त था। उनके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिली थी। पुलिस को काफी दिनों से इस गिरोह की तलाश थी। 

गिरोह के सरगना को किया गिरफ्तार
दुमका पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम गठित कर कार्रवाई की गई। अपह्रत व्यक्ति के साथ गिरोह के सरगना को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से हथियार भी बरामद किया गया। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ अपहरण, फिरौती, गलत नीयत से किसी को बंधक बनाना और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी है कि गिरोह में न्यूनतम सात लोग शामिल थे। बाकियों की तलाश जारी है। 

आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है
पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस को इसकी प्रबल आशंका है कि ये गिरोह पहले भी इस तरह की वारदातों में लिप्त रहा होगा। दुमका पुलिस आसपास के जिलों में भी ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वहां के किसी थाने में इन बदमाशों के खिलाफ कोई मामला दर्ज है या नहीं। बदमाश को जेल भेजा गया।