द फॉलोअप डेस्क
वैसे तो राज्य सरकार क्षमता विकास को लेकर कई कार्य कर रही है। अब इसी कड़ी में राज्य में डिजिटल स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव है। डिजिटल स्किल यूनिवर्सिटी के प्रारंभ होने से कम-पढ़े लिखे नौजवान युवक-युवतियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार से जोड़ा जा सकेगा। यह बातें सीएम हेमंत सोरेने ने 25 मई को भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) रांची के द्वितीय दीक्षांत समारोह में कही। इससे पहले उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि आज भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) रांची का द्वितीय दीक्षांत समारोह आयोजित हो रहा है। आज काफी खुशी का दिन है। आज सिर्फ उन छात्र-छात्राओं का ही नहीं जो इस संस्थान से बेहतर शिक्षा प्राप्त कर निकल रहे हैं बल्कि आज पूरे राज्यवासियों के लिए भी खुशी का दिन है क्योंकि जेटीयू नामकुम के इस सभागार में आयोजित दीक्षांत समारोह के मौके पर राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति हमसभी के बीच है। मैं अपनी ओर से राष्ट्रपति को कोटि-कोटि धन्यवाद देता हूं। मालूम हो कि इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। इस दौरान राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, ट्रिपल आईटी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अरुण जैन एवं निदेशक विष्णु प्रिये सहित अन्य गणमान्य उपस्थित हुए राष्ट्रपति ने समारोह में छात्र-छात्राओं के बीच मेडल एवं उपाधि प्रमाण पत्र का वितरण किया।
कई जानी-मानी शिक्षण संस्थाएं राज्य में हुईं स्थापित
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्रदेश एक ऐसा प्रदेश है जहां आज से 100 वर्ष पहले से अधिक समय से अनेक गतिविधियां होती रही हैं। विशेषकर खनिज संपदाओं को लेकर इस राज्य की अलग पहचान रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में उद्योग की असीम संभावनाएं हमेशा रही हैं। बड़े-बड़े उद्योग इसी राज्य में लगे हैं। एचईसी, बोकारो स्टील, टाटा स्टील, बिरला एलुमिनियम इंडस्ट्री, कोल इंडिया सहित कई विभिन्न उद्योग संस्थाओं ने इस राज्य में अपनी गतिविधियां चला रखी है। इसके कारण इस राज्य में बाहर से बड़े पैमाने पर लोगों का आना-जाना लगा रहा है। इसी क्रम में झारखंड में शिक्षा का भी विस्तार हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में कई जाने-माने शिक्षण संस्थाएं झारखंड में स्थापित हुईं। जिसमें आईआईएम, बीआईटी मेसरा, बीआईटी सिंदरी, एक्सआईएसएस, एनआईटी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थाएं शामिल हैं। इसी कड़ी में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) भी जुड़ा है।

शिक्षा के क्षेत्र में स्टूडेंट्स ने बनाई है अलग पहचान
शिक्षा के क्षेत्र में भी झारखंड के बच्चे-बच्चियों ने देश में अलग पहचान बनाई है। यह कहते हुए सीएम ने कहा कि यूपीएससी परीक्षाओं में भी यहां के स्टूडेंट्स ने राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी का समय है। आज बहुत सी कंपनियां मानवरहित उत्पादन पर जोर दे रही हैं। वर्तमान समय में मशीन ऑपरेटेड उद्योग लग रही हैं। मोबाइल, गाड़ी, कागज-कलम सभी चीजें अब मशीनों से बन रही हैं। उद्योग पहले मजदूर चलाते थे। आज प्रत्येक क्षेत्र में कंपटीशन का दौर है। कंपटीशन के आधार पर व्यवस्थाएं खड़ी हो रही हैं।

… मील का पत्थर होगा साबित
दीक्षांत समारोह में सम्मिलित सभी मेडल विजेता एवं उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सीएम ने कहा कि ट्रिपल आईटी रांची से बेहतर शिक्षा मिली है। आने वाले समय में इस संस्थान से प्राप्त हुए शिक्षा आपके करियर में मील का पत्थर साबित होगा। ऐसा मुझे विश्वास है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT