द फॉलोअप, जमशेदपुर:
Jharkhand News: राज्य की DGP तदाशा मिश्रा (DGP Tadasha Mishra) ने गुरुवार को जमशेदपुर का दौरा कर कोल्हान प्रक्षेत्र के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ हाई-लेवल क्राइम रिव्यू मीटिंग (Crime Review Meeting) की। सर्किट हाउस स्थित SSP आवास में करीब एक घंटे तक चली इस अहम बैठक में शहर में हाल के दिनों में घटित बड़ी आपराधिक घटनाओं और आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए। बैठक के दौरान कोल्हान DIG, SSP, SP और कई जिलों के SP समेत वरीय अधिकारियों द्वारा हाल की सभी प्रमुख आपराधिक घटनाओं की विस्तृत जानकारी और जांच प्रगति की रिपोर्ट डीजीपी के समक्ष प्रस्तुत की गयी, जिसकी उन्होंने गहन समीक्षा की। मिली जानकारी के अनुसार, इस दौरान डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आपराधिक घटनाओं में शामिल गिरोहों की पहचान कर उन्हें अविलंब सलाखों के पीछे भेजा जाये।
.jpeg)
करीब एक घंटे चली बैठक
संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए उन्होंने खुफिया तंत्र (Intelligence network) को सक्रिय करने और गश्ती व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया। डीजीपी ने एसएसपी आवास में करीब एक घंटे चली बैठक में गोलमुरी केनरा बैंक डकैती, सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी, चांडिल के टेंथ माइल स्टोन होटल में जमशेदपुर के युवा कारोबारी की हत्या समेत मरीन ड्राइव सड़क हादसे में चार छात्रों की मौत की घटनाओं की प्रमुखता से समीक्षा की। डीजीपी ने चारों मामलों में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली और आगे की जांच को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। बैठक में 24 सितंबर की गोलमुरी केनरा बैंक डकैती (Bank robbery) का मामला प्रमुख विषय रहा। डीजीपी ने बड़े डकैती मामले की जांच की प्रगति, अपराधियों की पहचान और संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन की जानकारी ली। इसके साथ ही सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में 25 सितंबर की फायरिंग की घटना की भी समीक्षा हुई।

सूचना तंत्र और गश्ती व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश
डीजीपी ने सूचना तंत्र और गश्ती व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया। मरीन ड्राइव सड़क हादसे में चार छात्रों की मौत के मामले में भी अब तक की पुलिस कार्रवाई और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गयी। इसमें तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों (Traffic rules) के उल्लंघन पर सख्ती के साथ मरीन ड्राइव समेत संवेदनशील मार्गों पर छात्र सुरक्षा को लेकर किये जा रहे उपायों की जानकारी ली गयी। वहीं, चांडिल के टेंथ माइल स्टोन रेस्टोरेंट में 24 अगस्त को युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या (Nikhar Sablok Murder case) की जांच की भी समीक्षा हुई। जमशेदपुर एसएसपी और सरायकेला एसपी ने मामले में अब तक की पुलिस कार्रवाई और जांच की प्रगति से डीजीपी को अवगत कराया। चारों घटनाओं को लेकर समीक्षा के साथ ही बैठक में आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।

प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
त्योहारों में भीड़भाड़ वाले इलाकों, पूजा पंडालों, बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्ती, संवेदनशील इलाकों की निगरानी (Monitoring of sensitive areas) और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये। त्योहारों के दौरान किसी भी आपराधिक घटना पर तत्काल कार्रवाई और सूचना तंत्र को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया। जमशेदपुर एसएसपी आवास में हुई बैठक में कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, जमशेदपुर एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, सिटी एसपी ललित मीना, सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गीयारी समेत सभी डीएसपी और विभिन्न थानों के प्रभारी मौजूद थे। डीजीपी ने अधिकारियों से जिले और शहर की मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी लेते हुए अपराध नियंत्रण के लिए पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
