द फॉलोअप डेस्क, रांची:
लंबे समय से छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल, रांची में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि लंबे समय तक चले अनशन, धरना-प्रदर्शन और विभिन्न जिलों में भर्ती व्यवस्था सुधार को लेकर की गई यात्रा के दौरान उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ा। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों द्वारा उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक जांच भी कराई जा रही है।

छात्रों और युवाओं के संघर्ष को जारी रखने का संदेश
देवेन्द्र नाथ महतो ने अस्पताल से अपने साथियों, छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों से चिंता नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद छात्रों और युवाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उनका कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था तथा झारखंड के युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए आंदोलन की जरूरत बनी हुई है।
उन्होंने अपने समर्थकों से संयम बनाए रखने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए शुभकामनाएं देने की अपील की है। महतो ने कहा कि युवाओं के अधिकार और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर उनकी आवाज आगे भी मजबूती से उठती रहेगी।