logo

सागर राणा हत्याकांड: अगस्त में चार्जशीट दाखिल करेगी दिल्ली पुलिस, ओलंपियन सुशील कुमार है मुख्य आरोपी

11040news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

पहलवान सागर राणा हत्याकांड मामले में दिल्ली पुलिस अगस्त में पहला चार्जशीट पेश करेगी। मिली जानकारी के मुताबिक इस चार्जशीट में कुल 18 आरोपियों का जिक्र है। पुलिस ने अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाना बाकी है। सागर राणा हत्याकांड मामले में ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार मुख्य आरोपी हैं। पुलिस का कहना है कि पहलवान सुशील कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। 

पांच मई को हुई थी सागर राणा की जानलेवा पिटाई
गौरतलब है कि चार से पांच मई की रात को ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार ने युवा पहलवान सागर राणा को उसके फ्लैट से हथियार के बल पर किडनैप किया और फिर उसे छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया। यहां सुशील कुमार और उनके साथियों ने सागर राणा और उसके दोस्तों की जमकर पिटाई की। एक वीडियो भी दिल्ली पुलिस को मिला जिसमें सुशील कुमार, पहलवान सागर राणा को हॉकी स्टिक से पीटता दिख रहा है। पुलिस ने इसे ही बतौर इलेक्ट्रॉनिक सबूत पेश किया है। इस पिटाई से गंभीर रूप से घायल सागर राणा की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। 

काफी भागदौड़ के बाद सुशील कुमार हुआ गिरफ्तार
इस कांड को अंजाम देने के बाद सुशील कुमार फरार हो गया था। बाद में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामले में लुकआउट नोटिस भी जारी किया था। सुशील कुमार लगातार फरार चल रहा था। वो हरिद्वार, हरियाणा और पंजाब के अलग-अलग स्थानों पर छिपता फिर रहा था। आखिरकार दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार को दिल्ली से उस वक्त गिरफ्तार कर लिया जब वो अपने किसी परिचित से पैसा लेने जा रहा था। पूछताछ में सुशील कुमार ने कबूल किया था कि उसने सागर राणा की पिटाई की थी लेकिन उसका इरादा हत्या का नहीं था। वो सागर राणा को केवल डराना चाहता था। पुलिस द्वारा कोर्ट में पेश वीडियो के बारे में सुशील कुमार ने बताया कि वो इस वीडियो के जरिए बाकी पहलवानों में दहशत फैलाना चाहता था। 

सुशील कुमार और सागर राणा के बीच विवाद क्या था
शुरुआती जांच में मामला कथित संपत्ति से जुड़ा हुआ मामला। पता चला था कि सागर राणा जिस फ्लैट में रहता था वो सुशील कुमार की पत्नी के नाम रजिस्टर्ड था। कहा जा रहा था कि सागर राणा ने अचानक फ्लैट छोड़ दिया लेकिन किराया नहीं चुकाया। बाद में पता चला कि दरअसल ये दो गैंग के बीच का झगड़ा था। सागर राणा की दोस्ती किसी अन्य गैंग से थी जबकि सुशील कुमार की दूसरे गैंग से। सागर राणा जिस फ्लैट में रहता था वहां अपने अपने साथियों को भी बुलाता था। ये बात सुशील कुमार को पसंद नहीं थी। उसने सागर राणा को मना किया था।