logo

राम की कसम खा कर रामेश्वर उरांव ही बताएं, झारखंड में ऑक्सीजन की कमी से कितने लोगों की गई जान : दीपक प्रकाश

11223news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दीपक प्रकाश ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व राज्य सरकार में मंत्री रामेश्वर उरांव से पूछा है कि वही बताएं कि झारखंड में ऑक्सीजन के अभाव में कितने लोगों की जान गई है। उन्होंने  उरांव के इस बयान को हास्यास्पद बताया जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार को मौत पर मुआबजा देना पड़ेगा। दीपक बोले कि रामेश्‍वर उरांव को केंद्र सरकार के प्रति इतनी सहानुभूति कब से हो गई। उन्हें केंद्र सरकार की चिंता छोड़ यह बताना चाहिये कि आखिर ऑक्सीजन के अभाव में कितने लोग मरे। जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है।

राज्य सरकार जनता को दिग्भ्रमित करना बंद करे

दीपक प्रकाश ने कहा कि दरअसल हेमंत सरकार ने कोरोना काल मे राज्य की जनता को केवल भटकाया है। लोगों ने सरकार के प्रयासों से नहीं बल्कि अपने  प्रयासों और भगवान के भरोसे जान बचाई है। कांग्रेस पार्टी जनता को बरगलाने में माहिर है। राम के अस्तित्व को ही नकारने वाली पार्टी को अयोध्या के रामलला अब याद आने लगे। राज्‍य सरकार के मंत्री, जिम्मेवार लोगों ने टीकाकरण में भी लोगो को भटकाने का काम किया। राज्य सरकार जनता को दिग्भ्रमित करना बंद कर  अपने वादों को पूरा करने पर ध्यान दे।

इधर, आदित्य साहू ने बाबूलाल पर लगाए झामुमो के आरोप को निराधार बताया

भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने भाजपा नेता विधायकदल व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्‍ता सुप्रियो भट्टाचार्य द्वारा लगाए आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि झामुमो को बयान के पहले सोचना चाहिये। आदित्य साहू ने राज्य के पुलिस प्रशासन पर हमला बोला है। कहा कि बाबूलाल मरांडी द्वारा  पुलिस पर लगाये आरोप निराधार नही हैं। राज्य में विधि व्यवस्था की स्थिति दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। ऐसे में राज्य की पुलिस सत्ताधारी नेताओं की सुरक्षा में व्यस्त है।