द फॉलोअप टीम, लोहरदगा:
किस्को के होंदगा गांव में शनिवार की सुबह एक महिला और उसके डेढ़ माह के बच्चे का शव कुएं से बरामद किया गया है । बताया जा रहा है कि महिला रजीना खातून अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए मायके आई हुई थी और अचानक उसने शुक्रवार की रात अपने बच्चे के साथ कुएं में कूदकर सुसाइड कर लिया। जानकारी के मुताबिक बच्चे के जन्म के बाद से महिला की मानसिक स्थिति थोड़ी ख़राब हो गई थी। परिवार वाले भी किसी तरह का आरोप किसी पर नहीं लगा रहे हैं।
एक साल पूर्व हुई थी शादी
रजीना की शादी एक साल पहले कलाम अंसारी के साथ हुई थी। वो अपने पति औऱ डेढ़ माह के बेटे अब्दुल सलाम के साथ भाई की शादी में शामिल होने पहुंची थी। शुक्रवार को रिसेप्शन था काफी संख्या मेहमान भी पहुंचे थे। बीती रात में जब रजीना घर में दिखना बंद हो गयी है तो परिजनों ने खोज शुरू की पर उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह में कुएं के पास महिला की चप्पल देखी गई। इसके बाद कुएं में महिला की खोज की गई। तभी कुएं से रजीना और उसके बच्चे का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी किस्को थाना की पुलिस को दी गई। किस्को थाना प्रभारी अभिवन कुमार, SI जोस्फीना हेम्ब्रम, ASI अविनाश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।