logo

महिला पुलिस कांस्टेबल मीनाक्षी वर्मा बनीं मध्य प्रदेश की गृहमंत्री, जानें पूरा मामला

6128news.jpg
द फॉलोअप टीम, भोपाल: 
मध्य प्रदेश में महिला पुलिस कांस्टेबल मीनाक्षी वर्मा को एक दिन के लिए प्रदेश का गृहमंत्री बनाया गया। मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने महिला दिवस के दिन अपनी कुर्सी पर कांस्टेबल मीनाक्षी वर्मा को बैठने का मौका दिया। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि ये उनकी तरफ से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का एक प्रयास था। 

नरोत्तम मिश्रा ने मीनाक्षी को दी कुर्सी
एक दिन के लिए प्रदेश की गृहमंत्री बनीं महिला कांस्टेबल मीनाक्षी वर्मा पदभार संभालते ही एक्शन में दिखीं। उन्होंने आमजनों की शिकायतों को बड़े गौर से सुना और ओएसडी को निर्देश दिया कि इसका त्वरित निपटारा किया जाये। कुछ बड़ी शिकायतों को कांस्टेबल मीनाक्षी वर्मा ने गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को भी ट्रांसफर किया। नरोत्तम मिश्रा कार्यालय में ही आमजनों के साथ कुर्सी पर बैठे। उन्होंने ये पूरी कार्यवाही सामने बैठकर देखी। मीनाक्षी वर्मा के पदभार ग्रहण करने पर अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। 

मीनाक्षी को अचानक बताया गया प्लान!
जानकारी के मुताबिक मीनाक्षी वर्मा गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के आवासीय कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था में बतौर कांस्टेबल तैनात हैं। कांस्टेबल मीनाक्षी वर्मा ने कहा कि मुझे इस बात का बिलकुल भी अंदाजा नहीं था कि मुझे एक दिन के लिए प्रदेश का गृहमंत्री बनाया जायेगा। महिला दिवस के दिन ये मेरे लिये किसी तोहफे से कम नहीं है। मैं हैरान थी लेकिन खुश भी हूं। मैंने बतौर गृहमंत्री लोगों की समस्या सुनी। उनका समाधान किया। ये मेरे लिये एतिहासिक दिन है।