logo

अपने मंत्रियों के काम से संतुष्ट हैं कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, कहा तीन महीने में विकास और होगा तेज

3641news.jpg

द फॉलोअप टीम, लोहरदगा:

सरकार ने अपने वादे के मुताबिक काम किया है। हमे खुशी है कि अपने वादे के अनुरूप लक्ष्य को हम जरूर हासिल कर पाएंगे। आने वाले तीन महीनों में विकास को और गति मिलेगी। ये कहना है राज्‍य में खाद्य मंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव का। रांची से लोहरदगा पहुंचे डॉ. उरांव ने पत्रकारों को हेमंत सरकार की एक साल की उपलब्धियां गिनाईंं।

विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अच्छा काम हुआ
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा है कि हम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्य के काफी करीब पहुंच गए हैं। चालू वित्तीय वर्ष के अंतिम महीनों में हम लक्ष्य को हासिल कर लेंगे। हमने कोरोना जैसी महामारी से लड़ते हुए काफी हद तक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने और विकास को गति देने का काम किया है। झारखंड राज्य के विकास को लेकर हम पूरे समर्पण भाव के साथ काम कर रहे हैं।

अपना हर वादा पूरा करेगी सरकार
कांग्रेस अध्‍यक्ष ने कहा कि हम बजट में कही गई बातों को हर हाल में पूरा करेंगे। लक्ष्य के करीब जरूर पहुंचेंगे। आगामी 29 दिसंबर को झारखंड सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता के बीच रखने का काम करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा रखेंगे। इस दौरान वह भी उपस्थित रहेंगे।

सरकार ने दिया रोजगार
खाद्य मंत्री ने कहा कि विगत 25 मार्च को कोरोना संक्रमण का दौर शुरू होने के बाद यहां की जनता को सबसे अधिक आवश्यकता अनाज और रोजगार की थी। लॉकडाउन लगने की वजह से लोग अपने गांव, अपने घर वापस लौट रहे थे। उन्हें रोजगार की आवश्यकता थी। सरकार ने दोनों ही विषयों को गंभीरता से लेते हुए जनता को रोजगार और अनाज उपलब्ध कराने का काम किया। मनरेगा के तहत 7 लाख मानव दिवस का सृजन करते हुए लोगों को रोजगार देने का काम हमारी सरकार ने किया। पूर्ववर्ती सरकारों में खाद-बीज को लेकर काफी हंगामा हुआ करता था। सरकार ने खुद इस मामले को गंभीरता से लेते हुए समय पर खाद उपलब्ध कराते हुए किसानों को उपलब्ध कराने का प्रयास किया, जिससे की किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सका।

स्वास्थ्य विभाग ने किया अच्छा काम
स्वास्थ्य विभाग में उपलब्ध संसाधनों को बताते हुए उन्होने ने कहा कि पहले स्वास्थ्य विभाग में वेंटिलेटर उपलब्ध नहीं था। इसके बाद राज्य सरकार की ओर से हर जगह वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराया गया है। आज स्वास्थ्य विभाग बेहद मजबूती की स्थिति में है। दवाओं की कमी नहीं है। कुल मिलाकर राज्य सरकार ने जनता की हर समस्याओं का समाधान करते हुए विकास के पथ पर आगे बढ़ने का काम किया है।