logo

कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी बने हज कमिटी के अध्यक्ष, बोले - अब काम बोलेगा

3894news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची
आख़िर 6 माह बाद झारखंड राज्य हज कमेटी को अध्यक्ष नसीब हो गया। यह सेहरा कांग्रेस से जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी के सर बंधा है। जबकि अध्यक्ष पद की दौड़ में मुफ़्ती अनवर क़ासमी, मुफ़्ती फैजुल्लाह मिस्बाही, मुफ़्ती अब्दुल हई आदि कई प्रमुख प्रत्याशी थे। लेकिन सर्वसम्मति से सदस्यों ने इरफान का चुनाव किया। चुनाव हज हाउस में राज्य के मंत्री आलमगीर आलम की निगरानी में हुआ।

जून में ही सदस्यों का हो गया था चयन
राज्य कल्याण मंत्रालय ने जून में ही राज्य हज कमेटी का गठन करते हुए एक मंत्री, 2 विधायक समेत 14 सदस्यों  को शामिल किया था।  इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी मुहर लगा दी थी। हज कमेटी एक्ट- 2002 के तहत  सदस्यों का चयन किया गया था l जिसमें में विधायक कोटे से मंत्री और पाकुड़ से विधायक आलमगीर आलम , गांडेय से एमएलए डॉ सरफ़राज़ अहमद और जामताड़ा से विधायक डॉ इरफ़ान अंसारी शामिल हैं। वही, स्थानीय निकाय में से  मधुपुर से वार्ड पार्षद   मुश्ताक़ अहमद,  हुसैनाबाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष गयासुद्दीन सिद्दीकी, चतरा से वार्ड पार्षद आबिद हुसैन, शरीयत के जानकार कोटे से इमारत शरीया रांची के काजी-मुफ्ती मोहम्मद अनवर कासमी,   एदार-ए-शरीया झारखंड के नायब काजी  मौलाना मुफ्ती मोहम्मद फैजुल्लाह मिस्बाही और     शिया  प्रतिनिधि के रूप में सैयद तहज़ीबुल हसन रिज़वी को सदस्य बनाया गया।

ये भी सदस्यों में शामिल
इसके अलावा  जमशेदपुर के  शेख  बदरुद्दीन, मुख्तार सफी, रांची  के मोहम्मद इक़बाल आलम,  मोहम्मद मुनीर आलम और  धनबाद के मुफ्ती अब्दुल सामाजिक कार्यकर्ताओं के कोटे से नामित किये गए हैं।

नोटिफिकेशन दिसम्बर में हुआ जारी
कमेटी बनने के 45 दिनों के अंदर सदस्यों को अध्यक्ष का चुनाव कर लेना होता है। लेकिन नोटिफिकेशन ही जारी करने में सरकार ने 6 माह लगा दिए। अध्यक्ष बनने की अधिक संभावना सरफ़राज़ अहमद  की थी। लेकिन ठीक समय पर उनका नाम बहुत पीछे हो गया।

सदस्यों के चयन में भाई-भतीजावाद, एक भी महिला नहीं
हज कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ रिज़वान खान ने गैर संवैधानिक ढंग से कमेटी के गठन का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक भी महिला सदस्य नहीं है। सदस्यों के चुनाव में भाई-भतीजावाद किया गया है।

आजमीन हज का रखा जाएगा ख्याल, अब काम बोलेगा: इरफान अंसारी
हज कमेटी के नए अध्यक्ष इरफान अंसारी ने कहा कि अब काम बोलेगा। मेरी प्राथमिकता यही है कि आजमीन हज को किसी तरह की दिक़्क़त न हो। उन्हें यथासम्भव अच्छी सुविधाएं देने का प्रयास रहेगा।

सर्वसम्मति से चेयरमैन का चुनाव हो गया: आलमगीर आलम

संसदीय कार्य मंत्री  आलमगीर आलम ने कहा कि  सर्वसम्मति से अध्यक्ष का चुनाव होना बहुत ही नेक पहल है।  विधायक इरफान अंसारी नौजवान है और काम करने वाले नेता हैं। उम्मीद है कि अब बेहतर कार्य होगा।

मरहबा और आमया ने दी मुबारकबाद
मरहबा ह्यूमन सुसायटी के महासचिव निहाल अहमद, आमया के अध्यक्ष एस अली समेत सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के महासचिव अकील उर रहमान आम जनता हेल्पलाइन के अध्यक्ष एजाज गद्दी आदि कई सामाजिक संगठनों के प्रमुखों ने हज कमेटी के नए सदर को मुबारकबाद दी है।