logo

कांग्रेस नेताओं से बोलीं राज्‍यपाल, झारखंड के लोगों ने दिया बहुत प्यार और अपनापन

10727news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने कहा है कि उन्‍हें झारखंंड में कभी यह महसूस नहीं हुआ कि वो यहां की नही हैं। कहा, यहां के लोगों ने यहां मुझे बहुत प्यार और अपनापन दिया। झारखंंड के लोग बेहद मिलनसार स्वभाव और मृदुभाषी होते हैं। वैसे भी झारखण्ड से लगाव रहा है क्योंकि मेरे गृह जिला की दूरी बहुत कम है। जमशेदपुर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां बराबर उनका आना-जाना लगा रहता है। राज्‍यपाल ने उक्‍त बातें आज कांग्रेस नेताओं से कहीं। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश प्रवक्ताओं के एक शिष्टमंडल ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। शिष्टमंडल में राजीव रंजन प्रसाद, राकेश सिन्हा , डॉ. एम तौसीफ और कुमार राजा शामिल थे।



बेहतरीन और निर्विवाद रहा कार्यकाल: राजेश ठाकुर
मौके पर राजेश ठाकुर ने राज्‍यपाल का आभार जताते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की। कहा कि आपके छह वर्षों का कार्यकाल संविधान के संरक्षक के तौर पर बेहतरीन और निर्विवाद रहा है। झारखण्ड के लोग आपको जब भी किसी अवसर पर याद करें आप जरूर झारखण्ड आएं। इसपर राज्यपाल महोदया ने भी अपनी सहमति प्रदान की। प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने राज्यपाल के कार्यकाल को शानदार और निष्पक्ष बताया। कहा कि संविधान की रक्षक के नाते झारखण्ड वासी संवेदनशील मुद्दों पर लिए गए निष्पक्ष फैसलों के लिए सदैव याद रखेंगे।